सीएम जयराम ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के जो उम्मीदवार खुद को हारने की स्थिति में देख रहे थे, उन्होंने खुद को मुख्यमंत्री पद का संभावित उम्मीदवार बताकर बड़े-बड़े होर्डिंग में लिखवाकर लोगों को गुमराह कर वोट हासिल करने का प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को अपनी पत्नी डॉ. साधना ठाकुर के साथ मां ज्वालामुखी के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के जो उम्मीदवार खुद को हारने की स्थिति में देख रहे थे, उन्होंने खुद को मुख्यमंत्री पद का संभावित उम्मीदवार बताकर बड़े-बड़े होर्डिंग में लिखवाकर लोगों को गुमराह कर वोट हासिल करने का प्रयास किया है। उनमें से अधिकांश बुरी तरह से धराशायी होंगे। कहा कि प्रदेश में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हुए हैं। कई सर्वे में भाजपा की सरकार बन रही है। ऐसी कई रिपोर्ट सामने आई हैं। बीते रविवार को धर्मशाला में भाजपा प्रत्याशियों की बैठक में भी यह सामने आया है कि भाजपा इस बार रिवाज बदलकर मिशन रिपीट कर रही है और भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी कर रही है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने श्री चामुंडा मंदिर में टेका माथा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपनी पत्नी डॉ. साधना ठाकुर के साथ सोमवार को श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। श्री चामुंडा में पुजारी ओम व्यास और शिव मंदिर के पुजारी संजीव गोस्वामी ने उन्हें सिरोपा भेंट किया। मुख्यमंत्री रविवार को धर्मशाला में भाजपा की समीक्षा बैठक में आए थे। उनके साथ जिला कांगड़ा भाजपा के अध्यक्ष चंद्र भूषण नाग, मंदिर न्यास सदस्य मुनीष सूद, धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राकेश चौधरी व नगरोटा बगवां से भाजपा प्रत्याशी अरुण मेहरा मौजूद रहे।