भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि आचार संहिता लगने के बाद ही हाईकमान प्रदेश में पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा करेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी सर्वे के आधार पर जीतने वाले प्रत्याशियों को ही चुनाव मैदान में उतारेगी। चंबा में प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि अनदेखी के चलते कांग्रेस नेता पार्टी छोड़ने पर मजबूर हो रहे हैं। विपक्ष में हर दूसरा व्यक्ति मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहा है। कहा कि पीएम मोदी का हिमाचल और चंबा से अथाह प्रेम है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 15 दिन के भीतर प्रधानमंत्री तीसरा हिमाचल दौरा है। पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरे ऐसे पीएम हैं जो चंबा में जनसभा को संबोधित करेंगे। कहा कि प्रधानमंत्री वीरवार को ऊना में आईआईआईटी का उद्घाटन करने के बाद ऊना रेलवे स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस रेल को रवाना करने के साथ प्रदेश को करोड़ों की सौगातें देंगे।
विधायक आशा पर लेन-देन मामले में पंजाब में चल रहा है केस : हर्ष
कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष एवं हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हर्ष महाजन ने कहा कि डलहौजी की विधायक आशा कुमारी की पंजाब प्रभारी रहते अखबारों में सुर्खियां निकल चुकी हैं। लेन-देन के मामले में उनके खिलाफ पंजाब कोर्ट में केस चल रहा है। वह बेल पर हैं। बेल और जेल में ज्यादा अंतर नहीं होता। बनीखेत में प्रेस वार्ता में हर्ष महाजन ने कहा कि कांग्रेस के पास पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के बाद कोई नेता नहीं बचा है। कांग्रेस नेता विहीन हो गई है। वीरभद्र सिंह उनके राजनीतिक गुरु थे। जब तक वह जिंदा थे, उन्होंने उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया। उनके देहांत के बाद कांग्रेस पूरी तरह बिखर चुकी है। वीरभद्र सिंह के निधन के बाद हर जिले का नेता खुद को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बता रहा है। इससे दुखी होकर कांग्रेस को छोड़ने का निर्णय लिया। कहा कि 45 साल राजनीति में सेवाएं देने के बाद राजनीति को अलविदा करने की सोच रहे थे, लेकिन उनके साथ लोगों के जुड़ाव ने ऐसा नहीं करने दिया। इसके चलते भाजपा का दामन थामा है। कहा कि कांग्रेस सरकार में मंत्री या विधायक रहते उन्होंने सैकड़ों युवाओं को रोजगार दिया है। कहा कि मौजूदा समय में सुखविंद्र सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री और प्रतिभा सिंह अपने समर्थकों को टिकट दिलाने की होड़ में लगे हैं। इस बात को भी नजरअंदाज किया जा रहा है कि प्रत्याशी जीत दिला सकता है या नहीं। उन्होंने डलहौजी के पूर्व भाजपा प्रत्याशी डीएस ठाकुर की तारीफ करते हुए कहा कि डलहौजी के लोगों को ईमानदार नेता मिला है।