चंबा। प्रधानमंत्री के 13 अक्तूबर के चंबा आगमन को लेकर मंगलवार सुबह सुल्तानपुर स्थित हेलिपैड और करियां स्थित एनएचपीसी के हेलिपैड पर हेलिकाप्टरों को उतारने का ट्रायल चलता रहा। तीन हेलिकाप्टर दोनों हेलिपैडों पर लैंड हुए। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए एसपीजी टीम और उपायुक्त समेत पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। हेलिकाप्टरों की होने वाली सेफ लैंडिंग के उपरांत टीमें वापस लौटीं।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर जिला मुख्यालय छावनी में तब्दील हो गया है। डेढ़ हजार पुलिस जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात किए गए हैं। वहीं पीएम के चंबा दौरे के चलते सभी तैयारियों को मकम्मत करने के अलावा सुरक्षा व्यवस्था को भी चाकचौबंद रखने के लिए टीमें तैनात की गई हैं। प्रधानमंत्री की सुरक्षा और व्यवस्थाओं के मद्देनजर एसपीजी टीम दो दिन से चंबा में डेरा जमाए हुए है।
क्यूआरटी टीम भी शहर के चप्पे-चप्पे पर निगाहें जमाए हुए हैं। खोजी कुत्ते और बम निरोधक दस्ते रैली स्थल के पांच किलोमीटर के दायरे में हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए तैनात रहेंगे। जनसभा के दौरान तीन ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पीएम की जनसभा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाकचौबंद रखने के लिए डेढ़ हजार पुलिस जवान, 200 सीसीटीवी कैमरे और क्यूआरटी टीमें जगह-जगह तैनात रहेंगी। बताया कि 166 यातायात पुलिस जवान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए तैनात रहेंगे।