हिमाचल में सप्ताह भर मौसम साफ रहने के बाद मंगलवार से फिर बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। प्रदेश में 15 दिसंबर तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 दिसंबर को कुल्लू और लाहौल स्पीति जबकि 13 दिसंबर को मंडी, शिमला और किन्नौर जिला में भारी बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन ने सैलानियों और आम लोगों को संवेदनशील जगहों पर न जाने की हिदायत दी है। वहीं, सोमवार सुबह के समय अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही जबकि दोपहर बाद बादल छा गए। केलांग में -8.6, मनाली -1.0, कल्पा 0.4, भुंतर 1.4, सुंदरनरगर 2.4, चंबा 3.0, मंडी 3.4, शिमला में 4.9 और धर्मशाला में 7.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।