हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध निजी स्कूल अब विद्यार्थियों को कॉपी, पेंसिल, वर्दी और जूते नहीं बेच सकेंगे। बोर्ड प्रबंधन ने निजी स्कूलों में जारी व्यावसायिक गतिविधियों पर पूर्ण रोक लगा दी है। सोमवार को बोर्ड से संबद्ध सभी स्कूलों को एडवाइजरी भी जारी कर दी गई है। अभिभावकों की शिकायतें मिलने के बाद बोर्ड ने यह फैसला लिया है।
आदेशों की अवहेलना करने वाले स्कूल प्रबंधनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के प्रति भी चेताया गया है। बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों की गठित कमेटी निजी स्कूलों में इसका निरीक्षण करेगी। निरीक्षण में यदि कोई स्कूल कॉमर्शियल एक्टीविटी करते पाया गया तो उसकी संबद्घता रद्द कर दी जाएगी।