राजधानी शिमला में सामान्य पेट्रोल की कीमत 103 जबकि प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 111.74 रुपये है। प्रदेश में करीब 900 पेट्रोल पंपों के माध्यम से वाहन चालकों को पेट्रोल की आपूर्ति होती है। पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार पहले जहां अधिकांश ग्राहक सामान्य पेट्रोल भरवाते थे, वहीं अब प्रीमियम पेट्रोल की मांग लगातार बढ़ रही है।
वाहन चालकों का कहना है कि ई-20 पेट्रोल के इस्तेमाल के बाद कई गाड़ियों में पहले की तुलना में माइलेज कम मिल रही है, जबकि कुछ मामलों में इंजन की परफॉर्मेंस प्रभावित होने की शिकायत भी सामने आई है। इस बदलाव का असर प्रदेश के 80 हजार से अधिक टैक्सी ऑपरेटरों पर भी पड़ने लगा है।
टैक्सी संचालकों का कहना है कि यदि ई-20 पेट्रोल के कारण वाहनों में तकनीकी समस्याएं बढ़ती हैं तो उनके रखरखाव का खर्च बढ़ेगा और सीधे तौर पर उनकी आजीविका प्रभावित होगी। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के रिटेल सेल हेड रचित अग्रवाल के अनुसार इस साल अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच हिमाचल में प्रीमियम पेट्रोल की खपत में करीब 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इससे पहले यह वृद्धि 19 फीसदी तक रही है। हालांकि, सामान्य पेट्रोल की खपत में भी लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।