जिला हमीरपुर के दो सरकारी स्कूलों के जमा दो कक्षा के विद्यार्थियों को गणित विषय में फेल करने वाले दोनों शिक्षकों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो गई है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने कांगड़ा जिला के इन दोनों शिक्षकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
निदेेशक डॉ. बीएल विंटा ने बताया कि जांच कमेटी शिक्षकों और स्कूल शिक्षा बोर्ड से मामले की जानकारी जुटा रही है। सस्पेंड किए गए दोनों शिक्षक उपनिदेशक कार्यालय में तैनात किए गए हैं। जमा दो के दो स्कूलों के विद्यार्थियों को गणित परीक्षा में फेल कर दिया गया था।
दूसरी बार पेपर चेक होने पर सभी छात्र अच्छे नंबर लेकर पास किए गए। आरटीआई से सूचना मांगे जाने के बाद स्कूल शिक्षा बोर्ड ने दोबारा से उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की थी। मेधावी छात्रों को फेल करने वाले शिक्षकों ने ओपन स्कूल का प्रश्नपत्र सामने रखकर रेगुलर छात्रों की उत्तर पुस्तिकाएं जांचने की बात कही है।
इस दावे की सच्चाई को जांचने के लिए उच्च शिक्षा निदेशक ने जांच कमेटी गठित की है। इसके अलावा इन दोनों शिक्षकों की बीएससी-एमएससी और बीएड की डिग्रियों की भी कमेटी जांच कर रही है।
जब उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल के साथ प्रश्नपत्र भी दिए जाते हैं तो शिक्षकों के पास ओपन स्कूल के प्रश्नपत्र कहां से आ गए?
क्या आंखें मूंदकर पेपर जांचे गए और मामला उजागर होने पर ओपन स्कूल के प्रश्नपत्र का बहाना बनाकर पल्ला झाड़ने का प्रयास किया गया। इन बिंदुओं पर शिक्षा निदेशालय अपने स्तर पर जांच कर रहा है।