हिमाचल प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौतों व नए मामले में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जोकि प्रदेश के लिए राहत की बात है। सोमवार को प्रदेश में 21 संक्रमितों की मौत हुई। करीब 37 दिनों बाद प्रदेश में मौत का आंकड़ा कम हुआ है। 24 अप्रैल को प्रदेश में 23 संक्रमितों की मौत हुई थी, ,जबकि 22 अप्रैल को 20 संक्रमितों ने दम तोड़ा था।
इसके बाद मौतों में लगातार बढ़ोतरी होती रही। कांगड़ा जिले में आठ, शिमला चार, सोलन तीन, मंडी तीन, बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना में एक-एक संक्रमित की मौत हुई है। उधर, प्रदेश में 862 नए कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। इनमें से कांगड़ा जिले में 218, शिमला 118, मंडी 113, हमीरपुर 75, ऊना 72, बिलासपुर 58, चंबा 49, किन्नौर 41, कुल्लू 41, सिरमौर 50, सोलन 21 और लाहौल-स्पीति में छह नए मामले आए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान 2167 मरीजों ने कोरोना को मात दी है।
कहां कितने सक्रिय केस
इसके साथ ही प्रदेश में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 190330 पहुंच गया है। इनमें से अब तक 173560 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। सक्रिय कोरोना मामले घटकर 13621 रह गए हैं। प्रदेश में अब तक 3127 संक्रमितों की मौत हुई है। बिलासपुर में कोरोना के सक्रिय केसों की संख्या 795, चंबा 978, हमीरपुर 943, कांगड़ा 3511, किन्नौर 413, कुल्लू 559, लाहौल-स्पीति 93 , मंडी 1380, शिमला 1461, सिरमौर 1053, सोलन 1401 और ऊना जिले में 1034 है। बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना की जांच के लिए 11356 लोगों के सैंपल लिए गए।
कोरोना के मामलों में आई कमी, 24 से 30 मई के दौरान12.9 फीसदी रही संक्रमण दर
हिमाचल प्रदेश में 10 से 16 मई तक कोविड के मामलों में वृद्धि दर्ज की गई थी। इसी सप्ताह पॉजिटिव मामले 28817 तक पहुंच गए थे। 17 से 23 मई तक कोविड मामलों में लगातार कमी दर्ज की गई। इस सप्ताह में 18794 पॉजिटिव केस रह गए। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने कहा कि प्रदेश में 10 से 16 मई तक कोविड पॉजिटिविटी दर 28.9 फीसदी तक चली गई थी। मामलों में कमी आने से 24 से 30 मई में यह दर घटकर 12.9 प्रतिशत रह गई हैं। प्रदेश के सभी जिलों में गत दो सप्ताह में कोविड के मामलों में कमी आई हैं।