हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को छह और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई। शिमला जिले में दो, जबकि सिरमौर, कांगड़ा, ऊना और मंडी में एक-एक संक्रमित ने दम तोड़ा। उधर, प्रदेश में 195 नए कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। शिमला जिले में 30, मंडी 28, चंबा 21, कांगड़ा 19, कुल्लू 18, बिलासपुर 16, सिरमौर 18, ऊना 15, हमीरपुर 11, सोलन 13 और लाहौल-स्पीति में छह नए मामले आए हैं।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में 314 मरीजों ने कोरोना को मात दी। अब प्रदेश में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 200791 पहुंच गया है। इनमें से अब तक 195055 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। सक्रिय कोरोना मामले घटकर 2276 रह गए हैं। प्रदेश में अब तक 3437 संक्रमितों की मौत हुई है। बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना की जांच के लिए 18392 लोगों के सैंपल लिए गए। कांगड़ा को छोड़कर सभी जिलों में कोरोना सक्रिय केस 500 से कम हो गए हैं।
किस जिले में कितने सक्रिय मामले
कांगड़ा 512
शिमला 272
सोलन 109
मंडी 302
चंबा 284
सिरमौर 128
ऊना 162
बिलासपुर 116
हमीरपुर 176
कुल्लू 134
किन्नौर 52
लाहौल-स्पीति 29
1.08 लाख से अधिक लाभार्थियों ने लगाई वैक्सीन
प्रदेश में 22 जून को 1 लाख 8 हजार से अधिक लाभार्थियों ने वैक्सीन लगाई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि प्रदेश में 18 से 14 वर्ष के आयु वर्ग के लोग बड़ी संख्या में टीकाकरण के लिए आगे आ रहे हैं। सरकार ने प्रतिदिन 1 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। लेकिन लक्ष्य से ज्यादा लोग वैक्सीन लगवा रहे हैं। 21 जून को भी एक लाख से अधिक लोगों ने वैक्सीन लगाई। केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल को पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध करवाई जा रही है। राज्य में कोविड वैक्सीन की लगभग 7,33, 810 खुराकें उपलब्ध हैं। बुधवार के दिन भी 18-44 वर्ष के आयु वर्ग के लिए टीकाकरण सत्र का आयोजन किया जाएगा। प्राथमिकता समूहों वाले लाभार्थी, 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को वैक्सीन की दूसरी खुराक लगाने के लिए वीरवार, शुक्रवार और शनिवार को वैक्सीन सत्र आयोजित किए जाएंगे।