हिमाचल प्रदेश में कोरोना के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। जिला चंबा, बिलासपुर और सोलन में एक्टिव मामलों का ग्राफ बढ़ने से सरकार की चिंता बढ़ गई है। प्रदेश में मंगलवार को करीब 22 दिन बाद चार कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हुई है।
इनमें जिला चंबा, मंडी, कांगड़ा और ऊना में एक-एक मरीज ने दम तोड़ दिया। उधर, प्रदेश में कोरोना के 151 नए मामले आए हैं। चंबा जिले में 40, मंडी 30, शिमला 23, कांगड़ा 20, सोलन 10, कुल्लू आठ, बिलासपुर सात, हमीरपुर पांच, ऊना पांच, किन्नौर दो और सिरमौर में एक नया मामला आया है। जिला कुल्लू के कोविड अस्पताल में पांच माह से एक भी संक्रमित मरीज उपचाराधीन नहीं है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में 150 मरीज ठीक हुए हैं। अब प्रदेश में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 203869 पहुंच गया है। इनमें से अब तक 199170 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। सक्रिय कोरोना मामले 1203 हैं। प्रदेश में अब तक 3480 संक्रमितों की मौत हुई है।
बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना की जांच के लिए 14556 लोगों के सैंपल लिए गए। प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़ने के बाद मुख्य सचिव अनिल खाची ने डीसी, सीएमओ और अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक को अलर्ट किया है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि जिला शिमला में कोरोना के मामले बढ़ने की संभावना है। हिमाचल में सैलानियों की भीड़ उमड़ने, कोरोना नियमों का पालन न होने से मामले बढ़ रहे हैं।
हिमाचल में गिरी सैंपलिंग
प्रदेश में 20 हजार लोगों की रोज सैंपलिंग होती थी लेकिन अब यह आंकड़ा 13 हजार से साढ़े 15 हजार के बीच चल रहा है। अवकाश के दिन सैंपलिंग 10 हजार और इससे नीचे रह रही है।