प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने शनिवार को राहुल गांधी के समर्थन में पट्टी बांधकर केंद्र सरकार के खिलाफ रोष जताया। शिमला के रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के आगे सभी महिलाएं मुंह पर काली पट्टी बांधकर एकत्र हुईं। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि राहुल गांधी के साथ जो अन्याय हुआ है, कांग्रेस उसके खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सदन से राहुल गांधी की आवाज लोगों के कानों तक न पहुंचे, इसके लिए भाजपा ने सोची-समझी साजिश के तहत उन्हें लोकसभा से बाहर किया हैं।
उन्होंने कहा कि देश सबकुछ देख रहा है और भाजपा को इस फैसले की कीमत लोकसभा चुनावों में हार के साथ चुकानी पड़ेगी। भाजपा देश में स्वस्थ लोकतंत्र की परंपराओं को कुचलने में लगी है,जिसे कांग्रेस कभी सहन नही करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी की आवाज को नहीं दबाया जा सकता। इस दौरान उनके साथ शांता राजटा, प्रभा वर्मा, पुष्पा शोभटा, विनीता वर्मा, वृंदा सिंह, सत्या वर्मा, हीरा दासी, कमलेश ठाकुर, लक्की राणा, कृष्णा, बबली, सुदेश, नेहा, कुसुम सहित कई अन्य नेता मौजूद रंही। ब्यूरो