कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस कमेटी के महासचिव नरेश चौहान ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा जल्द कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस से अभी तक 41 लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किया है। लेकिन टिकट जिताऊ प्रत्याशी को मिलेगा, भले ही उसने आवेदन नहीं किया हो।
पालमपुर में पत्रकारों से बात करते हुए चौहान ने कहा कि कांग्रेस में चुनाव लड़ने के लिए उम्र की बंदिश न तो पहले थी और न आगे है। इससे कोई भी नेता चुनाव लड़ सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष कुलदीप राठौर के आने से पार्टी में एकजुटता आई है।
कहा कि वीरभद्र सिंह पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और पूर्व अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू ने मजबूत संगठन दिया है। लिहाजा, राठौर सबको साथ लेकर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा में देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 2014 में किए गए वायदों का हिसाब लेगी। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता संजय चौहान, इंटक महासचिव महताब सिंह, महासचिव संदीप ठाकुर मौजूद रहे।