कांग्रेस कमेटी ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शिमला के ऐतिहासिक महत्व के सेना प्रशिक्षण कमान आरट्रैक को मेरठ बदलने के प्रयास पर कड़ी आपत्ति जताई है। इसके विरोध में गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की अगुवाई में राज्यपाल आचार्य देवव्रत को एक ज्ञापन सौंपा गया।
इसमें मांग की है कि सेना के इस प्रस्ताव पर तुरंत रोक लगाई जाए। ऐतिहासिक महत्व की इस कमान से शिमला ही नहीं, पूरे प्रदेश की भावनाएं जुड़ी हैं। प्रतिनिधिमंडल में सोलन के विधायक कर्नल धनीराम शांडिल, शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह, यशवंत छाजटा, हरिकृष्ण हिमराल और अरुण शर्मा शामिल रहे।
राठौर ने बताया कि इस दौरान राज्यपाल से प्रदेश के अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई। सेब में स्कैब रोग पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्यपाल से आग्रह किया कि वह सरकार को इस बारे में सख्त निर्देश जारी कर प्रभावित क्षेत्रों में सस्ती और गुणात्मक कीटनाशक बरसात से पहले उपलब्ध करवाएं।
राज्यपाल ने भरोसा दिलाया कि वह सरकार और विभाग से पूरी रिपोर्ट लेंगे। राज्यपाल ने प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार और इसकी गिरफ्त में आते युवाओं पर चिंता जताते हुए इसकी रोकथाम के लिए कांग्रेस से सहयोग की अपील भी की।