प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों में हिमाचल से बाहर के चुनाव पर्यवेक्षक लगाए जाएंगे। इन पर्यवेक्षकों के साथ विधायक, पूर्व विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए एआईसीसी का कोई भी सचिव टिकट के लिए पैरवी नहीं करेगा। प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों में हिमाचल से बाहर के चुनाव पर्यवेक्षक लगाए जाएंगे। इन पर्यवेक्षकों के साथ विधायक, पूर्व विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे। इन पर्यवेक्षकों को पार्टी उम्मीदवारों के साथ बराबर तालमेल रखने का जिम्मा रहेगा।
विज्ञापन
इनकी तैनाती दस दिन के भीतर कर दी जाएगी। वहीं, प्रभारी 19 से 21 जून तक पार्टी की विभिन्न कमेटियों की बैठकें लेंगे और चुनावी रणनीति बनाएंगे। प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि एकजुट होकर पार्टी भाजपा को करारा जवाब दे रही है। कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए पार्टी मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है।
प्रभारी राजीव शुक्ला की अध्यक्षता में शनिवार को चंडीगढ़ में एआईसीसी सचिव, प्रदेश कांग्रेस महासचिवों की तीन घंटे तक बैठक चली। इसमें प्रदेशाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, प्रचार समिति अध्यक्ष और चारों कार्यकारी अध्यक्ष मौजूद रहे। एआईसीसी सचिवों से कहा गया कि पार्टी के चलने वाले कार्यक्रमों को अपने जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा पार्टी को बूथ और मंडल स्तर पर मजबूती से आगे बढ़ाने का काम भी देखना होगा। अतिशीघ्र बूथ और मंडल कमेटियां भी बनानी होंगी। इस बैठक का संचालन पार्टी के महासचिव संगठन रजनीश किमटा ने किया।