पिता की पहली बरसी से दो दिन बाद बेटा सूबे की कमान संभालेगा। जयराम ठाकुर 27 दिसंबर को शपथ लेंगे। उससे ठीक दो दिन पहले सोमवार को स्व. जेठूराम की पहली बरसी है। 25 दिसंबर, 2016 को जयराम के पिता जेठूराम का निधन हो गया था।
जयराम की छोटी बहन अनु ठाकुर कहती हैं आज पिता जिंदा होते तो भाई की सफलता को देखकर फूले नहीं समाते। उन्होंने कहा कि शुरूआती दिनों में पिता राजनीति को लेकर चिंतित रहते थे, लेकिन भाई की मेहनत ने उन्हें निराश नहीं किया।
जब वे विधायक बने तो पिता ने फख्र से उन्हें गले लगाया था। आज जब वह बुलंदियों पर हैं, पिता इस दुनिया में होते तो उनकी खुशी का ठिकाना न होता।
जिसने हमारे घर बनाए, उनका बेटा करेगा प्रदेश का नवनिर्माण
बगलियारा निवासी किरत सिंह ठाकुर ने कहा कि जेठूराम ने केउली बगलियारा के गांव में आधे से ज्यादा घर बनाए हैं। 90 के दशक में हमारा घर बनाते समय वे रोज सुबह तांदी गांव से बगलियारा गांव पैदल पहुंचते थे। दिनभर कार्य करते थे।
शाम को पैदल ही घर पहुंचते थे। उन्होंने कहा कि केउली गांव में उन्होंने बीरबल ठारू, गुसाई राम, हीरा सिंह, लच्छमण, लाल सिंह, जीवन सिंह, मंगलू राम, जालपू राम, देवीरूप, लज्जे राम, कुंदन लाल, वेद प्रकाश के घर बनाए थे।
जेठूलाल ने देव नारायण केउली मंदिर का 1980 में बनाया था। खुशी से उत्साहित लोगों ने कहा हमें गर्व है उस व्यक्ति ने हमारे घर बनाए हैं, उनका बेटा आज हिमाचल का नवनिर्माण करेगा।