देहरा में आरोग्य केंद्र और हेल्थ रिजाॅर्ट के निर्माण के लिए मांगी वित्तीय सहायता
मुख्यमंत्री ने पर्यटन मंत्री से देहरा में आरोग्य केंद्र और हेल्थ रिजॉर्ट, बिलासपुर के औहर में एकीकृत पर्यटन परिसर के निर्माण के लिए भी सहयोग मांगा। साथ ही प्रदेश में गोल्फ कोर्स के निर्माण में सहयोग और वित्तीय सहायता प्रदान करने का आग्रह किया। सुक्खू ने कहा कि स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत पौंग बांध जलाशय को पर्यटन स्थल के रूप में चयनित किया गया है। पर्यटन परियोजना के क्रियान्वयन के लिए शीघ्र धनराशि प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि प्रसाद योजना के तहत चिंतपूर्णी मंदिर परिसर को विकसित करने के लिए संशोधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी गई है।
वन क्षेत्र, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए हिमाचल को मिले ग्रीन बोनस : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश समूचे उत्तर भारत के लिए फेफड़ों का काम करवा रहा है, इसलिए वन क्षेत्र और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रदेश को ग्रीन बोनस मिलना चाहिए। सुक्खू ने कहा कि अन्य राज्यों की तुलना में आवश्यकताएं अलग होने के कारण नीति आयोग को हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य के लिए वित्तीय सहायता देने को अलग मापदंड निर्धारित करने पर विचार करना चाहिए। मुख्यमंत्री सुक्खू नई दिल्ली में नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी, आयोग के सदस्य वीके पाल और विशेषज्ञों के पैनल के साथ विशेष बैठक के दौरान बोल रहे थे।
उन्होंने नीति आयोग से हिमाचल प्रदेश की विशेष जरूरतों का अध्ययन करने और वित्त पोषण एजेंसियों व वित्त आयोग के समक्ष हिमाचल का पक्ष मजबूती से रखने का आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की ओर से क्रियान्वित की जा रहीं जल विद्युत परियोजनाओं की रॉयल्टी में प्रदेश के उचित हिस्से की आवश्यकता पर भी बल दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्रीन हिमाचल के विजन पर भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी। सुक्खू ने राज्य में प्राकृतिक आपदाओं और कैंसर के बढ़ते मामलों की चुनौतियों पर भी चर्चा की।