हिमाचल के पायलटों ने धौलाधार पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी कप इंडिया-2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी प्रमुख खिताब अपने नाम कर लिए। धर्मशाला के नरवाना में आयोजित प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उन्होंने पुरुष और महिला वर्ग के साथ ही टीम इवेंट में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में चंबा के खज्जियार निवासी अक्षय कुमार और महिला वर्ग में बीड़ के गुनेहड़ निवासी तरन्नुम ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, टीम इवेंट में फ्लाई इन स्काई नरवाना ने जीत हासिल की।
एक्यूरेसी कप में पुरुष वर्ग के मुकाबले में चंबा के अक्षय ने आखिरी दिन बेहतर प्रदर्शन कर तीन दिन से आगे चल रहे स्पेन के डेविड को मात दी। तीसरे स्थान पर नेपाल के अमन थापा रहे। वहीं, महिला वर्ग में बीड़ की तरन्नुम ठाकुर पहले, अलिशा कटोच दूसरे और यूएसए की जीन तीसरे स्थान पर रहीं। टीम इवेंट में फ्लाइंग इन स्काई नरवाना प्रथम, कजाकिस्तान ने दूसरा और आर्मी एडवेंचर क्लब की टीम तीसरे स्थान पर रही। एक्यूरेसी कप में भारत, इंडियन आर्मी, एयरफोर्स, असम राइफल, स्पेन, कजाकिस्तान, नेपाल और यूएसए के पायलटों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बुधवार को समापन समारोह में धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेताओं को सम्मानित किया।