मंत्रिमंडल ने पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्कर पॉलिसी 2020 के प्रावधानों के अनुसार उच्च और प्रारंभिक शिक्षा विभागों के तहत शैक्षणिक संस्थानों में बहुउद्देशीय कार्यकर्ताओं के 8000 पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया है। इस भर्ती में करुणामूलक आधार पर पद भरने के लिए कोटा निर्धारित किया जाएगा। मुख्यमंत्री की अनुशंसा पर चार हजार पद भरे जाएंगे, शेष चार हजार पद आवेदनों के आधार पर भरे जाएंगे।
मंत्रिमंडल ने राज्य में जेबीटी और सीएंडवी अध्यापकों के अंतर जिला स्थानांतरण के लिए स्थानांतरण नीति में संशोधन करने का भी निर्णय लिया। इसके तहत दूसरे जिले में स्थानांतरण के लिए निर्धारित वर्तमान कार्यकाल को 13 वर्ष से घटाकर पांच वर्ष किया गया है। इसमें अनुबंध अवधि भी शामिल है। इन श्रेणियों में आपसी सहमति से अंतर जिला तबादले निर्धारित समय से पहले भी हो सकेंगे।
साठ फीसदी से अधिक दिव्यांगों के तबादलों के लिए कोई शर्त लागू नहीं होगी। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि कोरोना के मामले कम होना शुरू हुए हैं। प्रदेश में अभी कुल 1748 कोरोना संक्रमण के मामले हैं। अब क्रमवार स्कूल खोलने का फैसला लिया गया है। एसओपी के तहत कक्षाएं लगाई जाएंगी। हर स्कूल को अपने स्तर पर माइक्रो प्लान बनाने को कहा गया है।
अक्तूबर पहले सप्ताह में होगी पहली से आठवीं कक्षा के स्कूलों की समीक्षा
पहली से आठवीं कक्षा के स्कूलों को विद्यार्थियों के लिए खोलने का फैसला अक्तूबर के पहले सप्ताह में होगा। आठ अक्तूबर तक सरकारी स्कूलों में ऑनलाइन परीक्षाएं होंगी। ऐसे में कोरोना संक्रमण के मामलों में अगर कमी का क्रम जारी रहा था तो इन स्कूलों को भी खोलने का फैसला लिया जाएगा।