हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की बैठक गुरुवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। कैबिनेट ने प्रदेश सचिवालय में सीधी भर्ती से जेओए आईटी के 100 पद भरने का निर्णय लिया।
इसके साथ ही जिला बिलासपुर के भराड़ी में महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान को सह शैक्षणिक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और सर्वेयर तथा ऑफिस असिस्टेंट-सह-कंप्यूटर ऑपरेटर के दो ट्रेड्स को सीटों सहित मोटर वाहन मेकेनिक एवं फिटर में परिवर्तित करने का निर्णय लिया।
कैबिनेट ने कांगड़ा जिले में नए स्तरोन्नत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़जमूला में तीन अतिरिक्त पद भरने की मंजूरी दी। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में चालकों के तीन पद दैनिक वेतन भोगी आधार पर, खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग में चौकीदार के पांच पद दैनिक वेतन भोगी आधार पर भरने का भी निर्णय लिया गया है।
संसारपुर टैरेस में इथेनॉल संयंत्र का सहमति पत्र देने का फैसला
बैठक में मैसर्ज प्रीमियर अल्कोबेव प्राइवेट लिमिटेड कांगड़ा जिले के संसारपुर टैरेस में 250 किलोलीटर प्रतिदिन की क्षमता से इथेनॉल संयंत्र स्थापित करने के लिए सहमति पत्र जारी करने का निर्णय लिया।
टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए सीटी स्कैन-128 स्लाइस मशीन खरीदने का निर्णय
- मंत्रिमंडल में मरीजों की सुविधा के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय हमीरपुर में 4.28 करोड़ रुपये की लागत से सीटी स्कैन-128 स्लाइस मशीन खरीदने का निर्णय लिया गया।
हटवाड़ स्कूल का नाम शहीद सूबेदार संजीव कुमार नाम
कैबिनेट ने बिलासपुर जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटवाड़ का नाम बदलकर शहीद सूबेदार संजीव कुमार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटवाड़ रखने को स्वीकृति दी। शहीद सूबेदार संजीव कुमार को उनकी वीरता एवं साहस के लिए मरणोपरांत शहीद सम्मान कीर्ति चक्र से सम्मानित किया था।
निरमंड, कोटखाई और जुब्बल में तीन एसडीएम कार्यालय खोलने की मंजूरी
कैबिनेट ने जिला कुल्लू के निरमंड, शिमला के कोटखाई और जुब्बल में तीन उपमंडल नागरिक (एसडीएम) कार्यालय खोलने की मंजूरी दी। कोटखाई स्थित कलबोग में नई उपतहसील और जुब्बल-कोटखाई के टिक्कर में अग्निशमन केंद्र खोलने का निर्णय लिया।
सीएम ने इनकी घोषणाएं पिछले दिनों की थीं। बैठक में सिरमौर जिले के विकास खंड पांवटा साहिब के पुनर्गठन से तिरलोधार में नया विकास खंड बनाने का निर्णय हुआ। सुंदरनगर और बल्ह विकास खंडों के पुनर्गठन से धनोटू के शेगली में नया विकास खंड बनाने का भी फैसला लिया गया।
राज्य में कोविड-19 की स्थिति और कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारी और बोर्ड कक्षाओं के परिणाम, यूजीसी के दिशा-निर्देशों और शिक्षा संस्थानों के उद्घाटन पर भी कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुतियां दी गईं।