हिमाचल की जयराम सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार 30 जुलाई को होगा। हिमाचल की जयराम कैबिनेट के खाली चल रहे तीन पद गुरुवार को भर जाएंगे। इन पदों के लिए तीन विधायकों की राजभवन में एक सादे कार्यक्रम में मंत्री पद पर शपथ ग्रहण कराई जाएगी। बुधवार शाम को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से राजभवन में मुलाकात कर इसकी आधिकारिक रूप से जानकारी दी। मुख्यमंत्री की राज्यपाल से मुलाकात के बाद राजभवन की ओर से आधिकारिक तौर पर शपथ ग्रहण समारोह प्रस्तावित होने का एलान किया।
हालांकि इस एलान से पहले सुबह से ही राजभवन में गहमागहमी शुरू हो गई थी। सुबह से ही सरकारी तंत्र शपथ ग्रहण की तैयारियों में जुट गया था। वहीं दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा कि किसे मंत्रिमंडल में जगह मिल रही है। सियासी रसूखदारों से लेकर सरकार चलाने वाले आला अधिकारी तक एक-दूसरे को फोन कर जानकारी लेते रहे। शपथ ग्रहण के बाद नए मंत्री सीएम के साथ पीटरहॉफ में पत्रकारों से रूबरू होंगे।
जयराम ने मोदी से ली हरी झंडी, नड्डा से साधा संपर्क
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हरी झंडी लेने के बाद ही कैबिनेट में नए मंत्री जोड़ने को लेकर कदम आगे बढ़ाया है। उन्होंने इस संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से भी संपर्क साधा है।
मंत्रिमंडल की बैठक, नए सदस्य होंगे शामिल
हिमाचल कैबिनेट की बैठक गुरुवार को होटल पीटरहॉफ में दोपहर 12 बजे के बाद होगी। बैठक में मुख्यमंत्री और पुराने मंत्रियों के अलावा नए मंत्री भी शामिल होंगे। बैठक में स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग कोविड पर प्रस्तुति देगा। अनलॉक थ्री के स्वरूप पर भी चर्चा होगी। शिक्षकों के तबादले करने के लिए तैयार नई नीति और शास्त्री शिक्षकों को टीजीटी पदनाम देने पर फैसला भी हो सकता है