प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी के सवाल का जवाब देते हुए वन मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि वन निगम के उपाध्यक्ष से तकलीफ होने का जवाब मैं नहीं दूंगा। जिला किन्नौर में वित्तीय वर्ष 2020-21 के दौरान 31 जनवरी तक वन विभाग के विभिन्न विक्रय डिपुओं को कुल 17404 क्विंटल बालन लकड़ी सप्लाई की गई है।
पूह और कल्पा ब्लॉक के सभी विक्रय डिपुओं में पर्याप्त मात्रा में बालन लकड़ी का भंडार मौजूद है। उधर, विधायक ने कहा कि अक्तूबर से जनवरी तक हल्ला करने के बाद सप्लाई दी गई। मंत्री स्वयं ही मांग और आपूर्ति के आंकड़े तय कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वन निगम के उपाध्यक्ष महीने भर यहीं रहते हैं।
कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने प्रश्नकाल के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस बार उनके क्षेत्र में बर्फबारी हुई नहीं है और अधिकारी बर्फ के चलते बस रूट बंद होने के जवाब दे रहे हैं। विधायक ने स्कूल बसों के नियमित नहीं चलने और मलाणा के लिए टैक्सी ऑपरेटरों के दबाव में बसें नहीं भेजनेे का मामला उठाया।
जवाब में परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा कि कुल्लू से मल्याणा, मनाली से रोहतांग और कुल्लू से तोश बस रूट बर्फबारी के चलते बंद हैं। मलाणा में बसें नहीं भेजने के मामले की मंत्री ने जांच करने का आश्वासन दिया। विधायक ने क्षेत्र में इलेक्ट्रिक बसें और टैक्सी चलाने की मांग भी की।