प्रदेश मंत्रिमंडल ने ऊना के बाबा बड़भाग सिंह गुरुद्वारा परिसर मैड़ी में 21 से 31 मार्च तक होने वाले होला मोहल्ला मेले पर रोक लगा दी है। ऊना जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों और पंजाब में बिगड़ते हालात को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है। इस मेले में पंजाब से भी हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। पंजाब में कोरोना के मामले बेकाबू होने के बाद सरकार कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती है। दूसरी ओर, मंत्रिमंडल ने पपरोला के होली मेले को जिला का दर्जा देने का फैसला लिया है।
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच तीन दिन बाद 19 मार्च को फिर कैबिनेट की बैठक प्रस्तावित है। सोमवार को हुई बैठक में करीब पौने घंटे तक स्वास्थ्य सचिव ने कोरोना पर प्रस्तुति दी। इसमें बंदिशें लगाने की सिफारिश की गई है। अब 19 मार्च को होने वाली बैठक के लिए प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को भी कोविड-19 के नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए कहा गया है।