हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव शुभकरण सिंह
हिमाचल के जिला हमीरपुर के दो स्कूलों में 12वीं के गणित विषय में पूरी कक्षा को फेल करने के मामले की गाज प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव पर गिरी है। प्रदेश सरकार ने बोर्ड सचिव शुभकरण सिंह को डेढ़ माह के भीतर ही पद से हटा दिया है। उन्हें सहकारी सभाएं धर्मशाला के अतिरिक्त पंजीयक के पद पर तैनात कर दिया है।
हालांकि, बिना पेपर चेक किए जीरो नंबर देकर विद्यार्थियों को फेल करने के आरोपी शिक्षकों पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। गलती अध्यापकों की थी, बोर्ड सचिव ने जांच करवाने के बाद शिक्षा विभाग को रिपोर्ट भी ई-मेल कर दी थी, लेकिन सजा खुद बोर्ड के सचिव को मिली।
अब शिक्षा बोर्ड के असिस्टेंट सेक्रेटरी जांच रिपोर्ट लेकर खुद शिमला पहुंच गए हैं। मामले की जांच तेज हो गई है। लेकिन सरकार आरोपी शिक्षकों पर कार्रवाई की हिम्मत नहीं जुटा पा रही। पेपर चेकिंग में शिक्षकों की लापरवाही का खुलासा अमर उजाला ने किया था। इसके बाद शिक्षा बोर्ड ने फेल सभी छात्रों को पास कर दिया था
अध्यापक की गलती हुई थी उजागर
स्कूल शिक्षा बोर्ड की जांच रिपोर्ट में उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने वाले अध्यापक की गलती उजागर हुई थी। जांच रिपोर्ट को करीब दो हफ्ते पहले शिक्षा बोर्ड ने ई-मेल के जरिए शिक्षा निदेशक को भेजने के दावा किया था। लेकिन शिक्षा निदेशालय ने ऐसी किसी भी रिपोर्ट के मिलने से इनकार कर दिया।
अमर उजाला ने 2 जुलाई के अंक में ‘शिक्षा बोर्ड का दावा-भेज दी जांच रिपोर्ट, विभाग ने किया इनकार’ शीर्षक से खबर छपने के बाद सरकार ने संज्ञान लेते हुए प्रदेश सरकार ने बोर्ड को तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट शिमला में जमा करवाने के फरमान जारी किए।
बीते मंगलवार को बोर्ड के असिस्टेंट सेक्रेटरी परीक्षा परिणाम मामले की रिपोर्ट लेकर खुद शिमला पहुंचे। उन्होंने जांच रिपोर्ट शिक्षा निदेशक और प्रधान सचिव शिक्षा को सौंपी।
शासन ने साधी चुप्पी
बोर्ड सचिव को क्यो हटाया गया? इस सवाल का जवाब देने के लिए शासन में कोई तैयार नहीं है। आंखे बंद करके कापी जांचने वाले शिक्षकों पर अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई? शिक्षा विभाग के पास इसका भी कोई जवाब नहीं।
यह है बोर्ड कक्षाओं का मामला
हिप्र स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च माह में दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं का संचालन किया था। 24 अप्रैल को बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित किए। बोर्ड के रिजल्ट में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दरब्यार और रावमापा पौहंज की गणित विषय की पूरी क्लास फेल दर्शाई गई।
दरब्यार स्कूल से छात्र शिवम ने जेईई मेन परीक्षा पास की है। छात्रों को संदेह हुआ तो उन्होंने आरटीआई के तहत बोर्ड से उत्तरपुस्तिकाओं की चेकिंग करवाने को आवेदन कर दिया। इसी दौरान सभी छह विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण घोषित कर दिए गए।
इसके बाद पौहंज स्कूल के विद्यार्थियों ने भी आरटीआई से आवेदन किया तो यहां भी पूरी क्लास पास हो गई। बोर्ड ने दोनों मामलों की जांच के लिए एक जांच कमेटी गठित की, जिसकी छानबीन में उत्तरपुस्तिकाएं चेक करने वाले अध्यापक दोषी पाए गए। कमेटी ने जांच रिपोर्ट बोर्ड को सौंपी।
एमडीएम कांगड़ा को बोर्ड सचिव का अतिरिक्त कार्यभार
हिमाचल प्रदेश सरकार
प्रदेश सरकार ने एचएएस अधिकारी शुभकरण सिंह को प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव पद से हटाकर सहकारी सभाएं धर्मशाला के अतिरिक्त पंजीयक के पद पर तैनात किया है।
बोर्ड के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार एडीएम कांगड़ा स्थित धर्मशाला मस्तराम को दिया गया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव कार्मिक तरुण श्रीधर ने बताया कि सहकारी सभाएं धर्मशाला में अतिरिक्त पंजीयक का पद खाली चल रहा था, इसीलिए शुभकरण सिंह को इस पद पर नियुक्त किया गया है।