तकनीकी शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने बहुतकनीकी प्रवेश परीक्षा (पैट) और लेटरल एंट्री एंट्रेंस टेस्ट (लीट)-2025 के आवेदन प्रदेश भर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में निशुल्क भरने की सुविधा दी है।
हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने बहुतकनीकी प्रवेश परीक्षा (पैट) और लेटरल एंट्री एंट्रेंस टेस्ट (लीट)-2025 के आवेदन प्रदेश भर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में निशुल्क भरने की सुविधा दी है। इसके लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी बहुतकनीकी संस्थानों और आईटीआई संस्थानों में जाकर निशुल्क फार्म भर सकते हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन करते वक्त ट्रेड चुनने को लेकर गाइडेंस भी दी जाएगी। प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड की बहुतकनीकी प्रवेश परीक्षा 18 मई और लेटरल एंट्री एंट्रेंस टेस्ट 25 मई को होगा। इसके लिए अभ्यर्थियों की ओर से आवेदन भरे जा रहे हैं।
विज्ञापन
आवेदन भरने के दौरान अभ्यर्थियों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने आवेदन भरने की सुविधा प्रदेश भर में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और बहुतकनीकी संस्थानों में उपलब्ध करवाई है। इस बारे में तकनीकी शिक्षा बोर्ड के सचिव अशोक पाठक ने कहा कि अभ्यर्थी 5 मई तक पैट और 7 मई तक लीट के लिए आवेदन कर सकते हैं। हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने उन अभ्यर्थियों को भी आवेदन की छूट दी है, जिन्होंने मौजूदा समय में दसवीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं दी हैं।