भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा प्रदेश भाजपा कोर कमेटी सदस्य होने के बावजूद झारखंड चुनाव और केंद्रीय व्यस्तता के चलते बैठक में नहीं आए, लेकिन वह त्रिलोक जम्वाल, राजीव भारद्वाज और रणधीर शर्मा इन तीनों नामों में से किसी को भी अध्यक्ष बनाए जाने से सहमत बताए जाते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार कांगड़ा सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजीव भारद्वाज को अध्यक्ष बनाने के पक्षधर बताए जा रहे हैं, वह भी प्रदेश से बाहर होने पर बैठक में शामिल नहीं हो सके।
अनुराग ठाकुर भी केंद्र में बैठक में होने पर हाजिर नहीं हुए, उनकी राय ली जा रही है। सूत्रों की मानें राजीव भारद्वाज और रणधीर शर्मा के बारे में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल की राय भी सकारात्मक मानी जा रही है। रणधीर शर्मा तो मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पर्यवेक्षक मुरलीधर राव के साथ जम्मू-कश्मीर में संगठन का काम कर चुके हैं। प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक बुधवार को करीब साढे़ पांच बजे पीटरहॉफ में शुरू हुई और देर रात तक चली।
इस बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल, विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, संगठन महामंत्री पवन राणा, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार, सांसद रामस्वरूप शर्मा, पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप और भाजपा महासचिव रणधीर शर्मा मौजूद हुए। 11 सदस्यीय कोर कमेटी में भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय कारपोरेट राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार भी सदस्य हैं, पर यह बैठक में शामिल नहीं हुए। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने सदस्यों से संभावित अध्यक्षों के नामों पर वन टू वन फीडबैक लिया गया।
शिमला से त्रिलोक जमवाल, बिलासपुर से रणधीर शर्मा और कांगड़ा से राजीव भारद्वाज के नामों पर अधिक सहमति बनती दिखी। शिमला और कांगड़ा से क्षेत्रीय संतुलन साधने को त्रिलोक जमवाल और राजीव भारद्वाज के नामों पर ज्यादा चर्चा हुई। हालांकि, राम सिंह, कृपाल परमार, वीरेंद्र कश्यप के अलावा मंत्री विपिन परमार, बिक्रम ठाकुर, वीरेंद्र कंवर आदि के नामों पर भी मंत्रणा होने की चर्चा रही।