भाजपा चार्जशीट कमेटी की बैठक टल गई है। यह बैठक अब 18 की बजाय 26 नवंबर को होगी। भाजपा कार्यालय ने कमेटी के सभी सदस्यों को सूचित कर दिया है। कमेटी के संयोजक सुरेश भारद्वाज ने कहा कि जिलों से चार्जशीट को लेकर दस्तावेज मांगे गए हैं।
इसकी रिपोर्ट तैयार करने के बाद ही राज्यपाल को सौंपी जाने वाली चार्जशीट की तिथि तय की जाएगी। चार्जशीट कमेटी ऐसे कई बिंदुओं पर काम कर रही है, जिसके लिए आम जनता से भी सुझाव व दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। पार्टी जिला व उपमंडल स्तर पर भी काम कर रही है।
भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सरकार ने चार साल के कार्यकाल में भ्रष्टाचार की सारी हदें पार की हैं। सरकार माफियाओं के चंगुल में फंसी हुई है। खनन माफिया, वन माफिया के साथ-साथ अब शराब माफिया भी सक्रिय हुआ है।
इनको सौंपा है तथ्य जुटाने का जिम्मा
सुरेश भारद्वाज को जिला किन्नौर, सोलन व सिरमौर, राजीव बिंदल को शिमला व महासू, रविंद्र सिंह रवि को चंबा, नुरपूर व पालमपुर, ठाकुर महेंद्र सिंह को मंडी, कुल्लू व लाहौल स्पीति, जयराम ठाकुर को बिलासपुर व सुंदरनगर, रणधीर शर्मा को हमीरपुर व ऊना, विपिन परमार को कांगड़ा व देहरा संगठनात्मक जिलों से तथ्य जुटाने का काम सौंपा गया है।