फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम ने बताया कि कौन करेगा विक्रमादित्य के चुनाव क्षेत्र का फैसला

Fri, 18 Nov 2016 12:01 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, धर्मशाला
विज्ञापन
विज्ञापन
युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह के अगले विधानसभा चुनाव लड़ने के गर्माए मुद्दे को लेकर उनके पिता एवं मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने औपचारिक रूप से मामला पार्टी हाईकमान पर डाल दिया है। वीरभद्र से धर्मशाला में अनौपचारिक वार्ता के दौरान विक्रमादित्य के आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने पर पूछे गए प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य अब बालिग हो चुके हैं। आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर वह खुद फैसला लेने में सक्षम हैं।
विज्ञापन


उनको टिकट देने और उनके चुनाव क्षेत्र का फैसला पार्टी हाईकमान करेगा। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री अपने पुत्र विक्रमादित्य के चुनाव क्षेत्र को लेकर सक्रिय हैं। सूत्रों की मानें तो एक दिन पहले मुख्यमंत्री ने इसी के मद्देनजर शिमला ग्रामीण क्षेत्र की बैठक तक बुलाई थी जिसमें विक्रमादित्य के प्रस्तावित चुनाव क्षेत्र को लेकर चर्चा की गई थी। 

कांगड़ा में वायुसेना के एयरबेस स्थापित करने को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इसके लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। एयरबेस को लेकर अब रक्षा मंत्रालय की ओर से विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जानी है। उसके बाद एयरबेस के निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट के साथ एयरबेस बनाए जाने का कदम देश के सुरक्षा घेरे में अहम कदम होगा। इसी के साथ कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर भी प्रदेश सरकार गंभीर है और इसके लिए प्रदेश सरकार की ओर से औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। 

सीयू की जमीन को केंद्र ने दे दी है मंजूरी                        
चामुंडा के पास जदरांगल में केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से चयनित भूमि को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। उम्मीद है कि अब जल्द ही केंद्र सरकार इसी जगह पर केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण को हरी झंडी देगी। 

नोटबंदी का फैसला सराहनीय                        
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में 500 और 1000 रुपये के नोट बंद करने का निर्णय सराहनीय है। हालांकि, इससे लोगों को दिक्कतों का सामना जरूर करना पड़ रहा है लेकिन आगे चलकर यह फैसला जनता को लाभ देगा। 

विक्रमादित्य बोले, हाईकमान ने चाहा तो लडूंगा चुनाव 
युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि अगर हाईकमान ने चाहा तो वे विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक राजनीति में जुडे़ लोगों को भी इलेक्टोरल पॉलिटिक्स में आना जरूरी हो जाता है। 

वे चाहे पंचायत के प्रधान का चुनाव हो या विधायक का ही हो। राजनीति में लोगों से जुड़ाव जरूरी हो जाता है। विक्रमादित्य सिंह वीरवार को कसुम्पटी में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। 

पुलिस बल में जल्द शामिल होंगे 1500 कांस्टेबल: सीएम
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष 1500 कांस्टेबलों की भर्ती की है। ये कांस्टेबल शीघ्र ही पुलिस बल में शामिल होंगे जो अभी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। धर्मशाला में राज्य पुलिस की 49वीं वार्षिक राज्य खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं ड्यूटी मीट की अध्यक्षता करते हुए मुख्यातिथि ने कहा कि खेलकूद गतिविधियां लोगों एवं संस्थानों को एक साथ लाती हैं। 

समानता को उजागर करती हैं। वीरभद्र सिंह ने कहा कि पुलिस जवानों पर तनाव ज्यादा होता है ऐसे में खेलें उनके जीवन में मनोरंजन का काम करती हैं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल, सांस्कृतिक एवं ड्यूटी अनुशासन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। 

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस राज्य सरकार में व्यावसायिक तौर पर पूरी तरह स्वतंत्र है तथा हमेशा ही चुनौतियों से निपटने में सक्षम रही है, जो गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं हर वर्ष आयोजित की जानी चाहिए। 

मुख्यमंत्री ने दक्षिणी रेंज, उत्तरी रेंज, केंद्रीय इकाई और आरक्षित बटालियनों के पुरुषों और महिलाओं की पुलिस टुकड़ियों की ओर से प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। मुख्यमंत्री ने पुलिस आवासों के साथ पुलिस स्टेशनों और पुलिस पोस्टों के नियमित रखरखाव के निर्देश दिए। बैरकों के रख रखाव के लिए 25 लाख रुपये की राशि के साथ कांगड़ा जिले के पुलिस थानों के आवासीय परिसरों के लिए 30 लाख रुपये की राशि की घोषणा की। 

उन्होंने सकोह बटालियन चहारदीवारी के लिए 20 लाख रुपये, धर्मशाला की सकोह बटालियन के बैरक की मरम्मत के लिए 20 लाख रुपये की राशि तथा द्वितीय आईआरबी सकोह के आवासीय मकानों की मरम्मत के लिए 25 लाख रुपये की घोषणाएं की। उन्होंने धर्मशाला के पुलिस मैदान और कला केंद्र के लिए 60 लाख रुपये की राशि की घोषणा की। 

इससे पूर्व डीजीपी संजय कुमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल पुलिस की हेड कांस्टेबल प्रियंका नेगी ने राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने राज्य पुलिस विभाग की अन्य विभिन्न गतिविधियों के बारे में भी अवगत करवाया। 

पुलिस जवानों ने इस अवसर पर सड़क सुरक्षा पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री जीएस बाली, शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, मुख्य संसदीय सचिव जगजीवन पाल, विधायक संजय रत्न व यादविंद्र गोमा और केसीसी बैंक के अध्यक्ष जगदीश सिपहिया, शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष बलवीर टेगटा, धर्मशाला नगर निगम की महापौर रजनी व्यास, उपमहापौर देवेंद्र जग्गी आदि मौजूद रहे। 

पांच साल में 65 हजार युवा लेंगे ट्रेनिंग: विक्रमादित्य 
हिमाचल में पांच साल में 65 हजार युवा व्यावसायिक कार्यों की ट्रेनिंग लेंगे और कौशल विकास के बाद वे रोजगार पाएंगे। वर्ष 2017 से 2022 के बीच युवाओं की एक बड़ी तादाद आमदनी के लिए अपने पैरों पर खड़ा होगी। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के निदेशक एवं युकां प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कसुम्पटी में पत्रकारों से बातचीत में दी। 

उन्होंने निगम के नए कार्यालय का उद्घाटन भी किया। निगम के प्रबंध निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि युवाओं के चयन को गांवों में शिविर लगेंगे। जिन पंजीकृत संस्थानों में प्रशिक्षण होगा, वे ही रहने और खाने-पीने को प्रबंध करेंगे। ये मोबाइल फोन मरम्मत, गाड़ी की रिपेयर से लेकर हर छोटे-बड़े हुनर सीखेंगे। उन्हें दिए जाने वाले प्रमाणपत्र भी उच्चस्तरीय होंगे। 

विक्रमादित्य ने कहा कि निगम का एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शिमला में भी खुलेगा। इसके लिए राजस्व विभाग के सहयोग से जमीन का चयन होगा। निगम के कामकाज को करीब 600 करोड़ एडीबी से लेकर खर्चे जा रहे हैं। 130 करोड़ खुद हिमाचल सरकार देगी। चंबा, बुशहर, मंडी आदि के हथकरघा से लेकर तमाम कार्यों में युवाओं को प्रशिक्षित करेंगे। फोकस ग्रामीण युवाओं पर होगा।

कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सोच के अनुरूप इस दिशा में कार्य हो रहे हैं। इस योजना के संबंध मेें विपक्ष भ्रम फैला रहा है। वह निगम के कामकाज को कौशल विकास भत्ता योजना से जोड़ रहा है, जबकि ये योजना अलग है। निगम के अधिकारियों ने स्क्रीन पर निगम के भावी कार्यों की प्रेजेंटेशन भी दी। हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा भी मौजूद रहे। नाइलेट के अधिकारियों ने बताया कि वे छह हजार युवाओं को प्रशिक्षण दे चुके हैं।

छह जिलों में देंगे ट्रेनिंग, देश में तीसरा राज्य बना हिमाचल  
निगम के प्रबंध निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि छह जिलों में ट्रेनिंग दी जाएगी। शिमला, सिरमौर, सोलन, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू में दी जाएगी। तीन महीने से लेकर अलग-अलग समय तक कोर्स करवाएंगे। ये कोर्स लाइफ साइंस, ऑटोमोबाइल, आईटी, टैक्सटाइल, हॉस्पिटेलिटी, हेल्थकेयर, फर्नीचर और फिटिंग मेें करवाए जाएंगे। हिमाचल राजस्थान और केरल के बाद स्किल डेवलपमेंट मैनेजमेंट सिस्टम को अपनाने वाला तीसरा राज्य बना है। 

मुख्यमंत्री, बोर्ड एकादश के बीच क्रिकेट मैच कल 
प्रदेश खेल सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संघ के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि धर्मपुर के पाइनग्रोव स्कूल में राज्यपाल एकादश, मुख्यमंत्री एकादश, बोर्ड चेयरमैन एकादश तथा प्रेस एकादश के बीच टी-20 क्रिकेट मैच की शृंखला होगी। इन मुकाबलों में वरिष्ठ नेतागण, वरिष्ठ अधिकारी तथा वरिष्ठ पत्रकार खेलते नजर आएंगे। कहा कि राज्यपाल और मुख्यमंत्री तथा प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष रंगीन पोशाक पहनकर आयेंगे।

महासचिव हरदयाल भारद्वाज ने बताया कि 19 नवंबर को सुबह 9.30 बजे मुख्यमंत्री एकादश और बोर्ड चेयरमैन एकादश के बीच मुकाबला होगा। दूसरा मैच उसी दिन 1.30 बजे राज्यपाल एकादश और प्रेस एकादश के बीच होगा। 20 नवंबर को फाइनल 10.30 बजे शुरू होगा। सीएम खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।

मुख्यमंत्री एकादश से कैबिनेट मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सुधीर शर्मा तथा कर्ण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह तथा युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह, विधायक तथा मुख्य संसदीय सचिव खेलेंगे। राज्यपाल एकादश से मुख्य सचिव वीसी फारका, अतिरिक्त मुख्य सचिव तरुण श्रीधर, अतिरिक्त मुख्य सचिव नरेंद्र चौहान,

पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, जिलाधीश शिमला रोहन ठाकुर, जिलाधीश सोलन राकेश कंवर, जिलाधीश हमीरपुर मदन चौहान, जिलाधीश बिलासपुर रूगवेद मिलिंद तथा विशेष सचिव कार्मिक अरजीत सिंह खेलेंगे। बोर्ड चेयरमैन एकादश के कप्तान डॉ. सुभाष मंगलेट तथा प्रेस एकादश के कप्तान धनंजय कुमार होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें