बिलासपुर जिले के उपमंडल सदर के कोट गांव में बन रही भानुपल्ली-बैरी रेल लाइन की टनल के ऊपर एक व्यक्ति ने नलकूप के लिए बोर करवा दिया। इस कारण टनल का काम रोकना पड़ा है। निर्माण कर रही कंपनी के इंजीनियर ने आशंका जताई है कि बोर से टनल की स्थिरता पर प्रभाव पड़ा है और कभी भी धराशायी हो सकती है। निर्माण कंपनी दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त बिलासपुर को शिकायत पत्र दिया है।
विज्ञापन
इसके बाद सदर एसडीएम ने मौके का निरीक्षण किया है। वहीं, सदर थाना में बोर करने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत पत्र में बताया गया है कि रेल विकास निगम ने कंपनी को कोट टनल के निर्माण का कार्य सौंपा है। 29 जनवरी की सुबह कोट गांव के एक व्यक्ति ने बिना कोई सूचना के टनल के ऊपर बोर करवा दिया, जिसकी वजह से सुरंग की स्थिरता पर प्रभाव पड़ा है।
सुरंग कभी भी पूर्ण रूप से धराशाही होने की आशंका है। रेलवे सुरंग के ऊपर बोर करने के लिए दो बड़ी बोरिंग मशीन को लगाया था। बोर टनल के ऊपर से अंदर की ओर हो गया है। जब यह बोर किया जा रहा था तब टनल में करीब 20 कर्मचारी निर्माण कार्य में लगे थे। वह किसी भी तरह से जान बचा कर बाहर की ओर भागे।
विज्ञापन
जब कंपनी कर्मचारियों ने बोरिंग कार्य नहीं करने को कहा तो उक्त व्यक्ति ने कहा कि जमीन उसकी है, इस पर वह कुछ भी कर सकता है। इससे सुरंग निर्माण कार्य पूर्ण रूप से बाधित हो गया है। उपायुक्त बिलासपुर पंकज राय ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मौके पर एसडीएम सदर को भेजा गया था। टनल को नुकसान पहुंचा है। वहीं, डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।