हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन साल में साइबर अपराधियों ने प्रदेश वासियों से करीब 2.43 करोड़ की ठगी की है। इस दौरान साइबर क्राइम के 243 मामले दर्ज किए गए हैं। यह जानकारी मुख्यमंत्री ने विधायक रमेश चंद ध्वाला के सवाल के लिखित जवाब में दी है। बताया गया है कि 1 जुलाई 2018 से 30 जुलाई 2021 के बीच हुए इन अपराधों में 93 मामलों में दोषियों को पकड़ा गया है और 79 मामलों में न्यायालय में चालान पेश किए गए हैं। बद्दी में 15, बिलासपुर 8, चंबा 6, हमीरपुर 14, कांगड़ा 22, किन्नौर दो, कुल्लू 28, मंडी 27, शिमला 31, सिरमौर 38 और साइबर पुलिस थाने में 19 मामले दर्ज किए गए हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि लारजी में निर्माणाधीन जल क्रीड़ा केंद्र प्रदेश का नया पिकनिक स्पॉट बनेगा। बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी के सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि कोविड 19 के चलते इसका काम प्रभावित हुआ है। जल्द इसे तैयार कर लिया जाएगा। नई राहें नई मंजिलें योजना के तहत 10.21 करोड़ रुपये की धनराशि इस केंद्र के लिए स्वीकृत की गई है। बिजली बोर्ड को वाटर स्पोर्ट्स के लिए 6.99 करोड़ रुपये जारी किए हैं।