मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत गांवों का चयन केंद्र सरकार की ओर से किया गया है। गृह मंत्रालय ने उत्तरी सीमा से सटे चार राज्यों व एक केंद्र शासित के कुल 2967 गांवों में से हिमाचल के 703 गांव शामिल किए हैं। कल्पा के सभी 194 गांव, पूह के सभी 278 गांव तथा स्पीति के सभी 231 गांव वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत कवर किए गए हैं। कल्पा के 14, पूह के 41 और स्पीति के 20 गांवों को वित्त वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक विकास के लिए प्राथमिकता के आधार पर चुना गया है। विधायक अनुराधा राणा के सवाल का लिखित जवाब देते हुए मंत्री नेगी ने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर प्रदेश से चयनित 75 गांवों के लिए कार्य योजना उपायुक्त किन्नौर तथा अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी काजा की अध्यक्षता में बनाई गई जिला स्तरीय कमेटियों द्वारा स्कीम के दिशा-निर्देशों के अनुसार तैयार की जाती है। इसके बाद मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित राज्य स्तरीय कमेटी का अनुमोदन प्राप्त कर गृह मंत्रालय को ऑनलाइन भेजा जाता है।