प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 17 साल बाद कुल्लू आ रहे हैं। वे पांच नवंबर को ढालपुर मैदान में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। इससे पहले मोदी जून 2000 को कुल्लू में थे। चार जून 2000 को उन्होंने अधिष्ठाता बिजली महादेव के दरबार में माथा टेका था।
उन्होंने लोअर ढालपुर के रामा सामुदायिक भवन में भाजपा की बैठक भी ली थी। पीएम मोदी का हिमाचल से गहरा नाता रहा है। वे 1995 से 2000 तक हिमाचल भाजपा के प्रभारी रह चुके हैं। इसी के चलते संगठन के काम को लेकर कुल्लू आते-जाते थे।
इस अवधि में कई बार कुल्लू-मनाली की वादियों में घूमे और यहां के तमाम धार्मिक स्थलों का भ्रमण करते थे। नगर परिषद कुल्लू के पूर्व पार्षद एवं भाजपा सदस्य ओम प्रकाश सूद ने बताया कि अपने कुल्लू दौरे के दौरान नरेंद्र मोदी चार जून, 2000 को सुबह सात बजे बिजली महादेव के दर्शन के लिए रवाना हुए थे।