फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमर उजाला हॉट सीट लाइव अर्कीः जीते कोई भी, अर्की का विकास चाहता है वोटर

Sat, 04 Nov 2017 12:23 PM IST
चैतन्य ठाकुर/अमर उजाला, अर्की (सोलन)
विज्ञापन
विज्ञापन
सुबह के नौ बज चुके हैं। अर्की बाजार में चहल-पहल बढ़ रही है। स्कूल में प्रार्थना सभा शुरू हो गई है। चुनावी माहौल बाजार में न के बराबर दिख रहा है। हां, इतना जरूर है कि गिनती भर दुकानों और ढाबों के बाहर कांग्रेस और भाजपा के कुछ झंडे और बैनर लहरा रहे हैं। 
विज्ञापन


तभी अचानक एक लाउड स्पीकर लगी सूमो गाड़ी चुनाव प्रचार के लिए निकली, जो वोट की अपील कर रही है। बरबस लोगों का ध्यान उस ओर चला जाता है। हल्की सी मुस्कुराहट के साथ लोग बतियाने लगते हैं। हम बात कर रहे हैं अर्की विधानसभा हॉट सीट की। 

यहां से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह चुनाव मैदान में हैं। इन्हीं के दम पर कांग्रेस पार्टी प्रदेश में मिशन रिपीट का ख्वाब देख रही है। सीएम अपनी शिमला ग्रामीण सीट बेटे विक्रमादित्य के लिए छोड़कर अर्की विस क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं। 
विज्ञापन


दूसरी ओर, इन्हें चुनौती दे रहे हैं भाजपा के प्रत्याशी रतन पाल सिंह। यह अर्की के लिए नया नाम हैं। इनकी चुनावी नाव पार लगाने के लिए भाजपा ने यहां अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है। स्टार प्रचारक के तौर पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी जयनगर में रैली कर चुके हैं। 

रतन पाल सिंह खुद डोर टू डोर प्रचार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की पत्नी प्रतिभा सिंह भी अर्की के आला कांग्रेस नेताओं के साथ अब तक 47 पंचायतों में वोट मांग चुकी हैं। अर्की विधानसभा क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, पानी और शिक्षा बड़े मुद्दे हैं। यहां पिछले 10 साल से लगातार भाजपा के विधायक गोबिंद राम जीतते आए हैं। भाजपा ने इस बार नए चेहरे पर दांव खेला है।

ध्याड़ी लगणी, तैबे खाणा आसा तां

‘अमर उजाला’ ने अर्की विधानसभा क्षेत्र के चमयोल, कोटली, कुनिहार, कोठी, हाटकोट समेत अर्की की कई पंचायतों के लोगों से चुनाव को लेकर चर्चा की। कोई भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं। हां, इतना जरूर है कि लोग इलाके में विकास चाहते हैं।

शिक्षा के लिए स्कूल चाहिए। स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पताल में डॉक्टर चाहिए। पीने के लिए साफ पानी और फसलों की सिंचाई के लिए स्कीम, पक्की सड़कें और रोजगार के साधन। यही लोगों की मांग है। 


शुक्रवार को अर्की से कुनिहार की ओर गाड़ी में जाते समय 60 साल के शख्स ने लिफ्ट मांगी। गाड़ी रुकने पर तुरंत सीट पर बैठ गए। चुनाव पर चर्चा हुई तो अपने विधायक से रुष्ट दिखे। कहने लगे, उनके घर के पास सरकारी बिल्डिंग बन रही है।

इससे उनके मकान को खतरा हो गया है। बार-बार विधायक से डंगा लगाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन गरीब की कौन सुनता है। अचानक अपनी स्थानीय भाषा में बोल पड़े- ‘जैबे दयाड़ी लगणी तैबे ही खाणा आसा तां’। कुछ दूरी पर जाकर यह उतर गए। कहने लगे- दिहाड़ी लगाने जा रहा हूं। 

4-9-14 का मुद्दा जुमला ही न हो

कुछ मोड़ आगे एक शख्स ने हाथ हिलाकर गाड़ी को रुकने का इशारा किया। कहा, सरकारी बस छूट गई है। कुनिहार तक लिफ्ट दे दो। नहीं तो दफ्तर पहुंचने में देरी हो जाएगी। उस जगह से कुनिहार करीब 12 किलोमीटर दूर था। अपनी पहचान छिपाते हुए उनसे चुनाव के बारे में पूछा।

तो कहने लगे, वह भराड़ीघाट से हैं। उनका क्षेत्र अर्की विधानसभा में ही है। कांग्रेस घोषणापत्र कर्मचारियों के लिए एक आस जगाने वाला है। पेंशन बहाली हो या 4-9-14 का मुद्दा। कांग्रेस वादा तो कर रही है, लेकिन यह जुमला कहीं मोदी की तरह 15 लाख खाते में डालने वाला न हो। बस इस बात का डर है। 

बेवकूफ बणाई के राची जाओ एयो नेता
इसी दौरान हाथ में दराटी लिए दो महिलाओं ने लिफ्ट मांगी। बताया घास काटने जा रही हैं और दोनों कुनिहार पंचायत की रहने वाली हैं। चुनाव पर चर्चा हुई तो तपाक से एक महिला कांग्रेस और भाजपा पर बरसते हुए बोली - ‘एबु दिखने एयो, एस्दे बाद, पांज साल बाद आणे, आहां रा बेवकूफ बणाई के राची जाओ एयो, तूसा रा धन्यवाद गाड़ी रोको’। कुनिहार पहुंचने पर एक ढाबे में चाय पीने के लिए रुके। पूछने पर बताया वोट मांगने सभी आ रहे हैं। माहौल क्या है। बताया कि अभी प्रचार ने इतनी गति नहीं पकड़ी है। भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता वोट मांग रहे हैं। स्थिति साफ नहीं है। 
विज्ञापन

पिछले चुनाव में भाजपा और कांग्रेस की स्थिति

पिछले चुनाव में भाजपा और कांग्रेस की स्थिति
पार्टी                            उम्मीदवार                कितने वोट मिले
कांग्रेस                            संजय                    15136 
भाजपा                        गोबिंदराम                 17211

15 सितंबर तक कुल मतदाता                       83689
महिलाएं                                                     41,108
पुरुष                                                        42581
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें