बिलासपुर में आचार संहिता के उल्लंघन की चार शिकायतें चुनाव आयोग के पास पहुंची हैं। इनमें अधिकतर शिकायतें भाजपा के खिलाफ हैं। कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की पत्नी मल्लिका नड्डा पर भी आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
मामले में संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग ने सभी दलों को नोटिस जारी कर दिया है। आयोग के पास शिकायत आई कि केंद्रीय मंत्री की पत्नी ने गुरुद्वारा चौक के पास जाम लगा रखा था। गाड़ियों का काफिला भी अधिक था। इस पर आयोग की टीम ने मौके पर टीम भेजी और भीड़ को हटाया।
इस संबंध में नोटिस जारी कर दिया गया है। इसके अलावा तीन अन्य मामले सामने आए हैं। एक शिकायत कांग्रेस के खिलाफ आई है। आयोग ने सभी को नोटिस जारी कर तलब किया हैं। केंद्रीय मंत्री की पत्नी ने इस संबंध में जवाब भी भेज दिया है।
उन्होंने कहा है कि वह यहां एक कैफे में रुकी थीं। इसी दौरान कुछ लोग उनसे मिलने पहुंचे। इस कारण लोगों की भीड़ जमा हो गई। इधर, एसडीएम बिलासपुर डॉ. हरीश गज्जू ने बताया कि सभी को नोटिस जारी किए हैं। गुरुद्वारा चौक पर पहुंचकर भीड़ को हटा दिया गया। आयोग आचार संहित का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखे हुए है।