हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होते ही भाजपा ने स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम तय कर दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल में तीन दिन रहेंगे। मोदी 2 नवंबर को सुबह 10:00 बजे फतेहपुर के रैहन और दोपहर 12:00 बजे नाहन हलके में रैली करेंगे।
4 और 5 नवंबर को भी पीएम के कार्यक्रम होने हैं, लेकिन अभी विधानसभा क्षेत्र तय नहीं हुए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 5 दिन हिमाचल में प्रचार अभियान की अगुवाई करेंगे। शाह 30 अक्तूबर को चंबा के डलहौजी में 12:00 बजे जबकि कांगड़ा के ज्वाली में दोपहर बाद 02:00 बजे जनसभा करेंगे। शाह नवंबर के पहले सप्ताह में भी रैलियां करेंगे। अन्य केंद्रीय नेताओं के भी पार्टी ने कार्यक्रम तय कर दिए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के सीएम योगी आदित्य नाथ, उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र रावत, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी के साथ विजय सांपला, मनोज तिवारी आदि प्रचार के लिए पहुंचेंगे।
कांगड़ा में मोदी की होंगी तीन रैलियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में तीन रैलियां प्रस्तावित हैं। जिले में बगावत झेल रही पार्टी अब मोदी मंत्र के सहारे कांगड़ा का सियासी दुर्ग भेदना चाहती है। इसके अलावा शिमला संसदीय क्षेत्र में उनकी दो रैलियां संभव है, जबकि मंडी क्षेत्र में एक रैली होगी।
पार्टी की ओर से पीएमओ को भेजे प्रस्ताव में 2 नवंबर के कार्यक्रम की अनुमति मिल चुकी है। शेष दो दिनों में चार जनसभाएं और करवाने के लिए हरी झंडी मिलना शेष है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में ऊना विधानसभा प्रस्तावित है, लेकिन उसके लिए शिमला संसदीय क्षेत्र एक रैली कम करनी होगी। इसपर अभी मंथन चल रहा है।
जेटली कल जारी करेंगे भाजपा का घोषणा पत्र
भाजपा का चुनाव घोषणा पत्र विजन डाक्यूमेंट 29 अक्तूबर को वित्त मंत्री अरुण जेटली जारी करेंगे। जेटली को विशेष तौर पर घोषणा पत्र जारी करने के लिए आमंत्रित किया गया है। पार्टी ने सभी वर्गों को ध्यान में रखकर डाक्यूमेंट तैयार किया है। डाक्यूमेंट घोषणाओं से अधिक नीतिगत है, जिसे पार्टी ने आगामी 15 से 20 वर्ष के हिसाब से तैयार किया है।