मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की फिर से निर्वाचन क्षेत्र बदलने की घोषणा के बाद कांग्रेस की सियायत गरमा गई है। वीरभद्र के लिए ठियोग की सीट छोड़कर राजनीति से रिटायर होने का ऐलान कर चुकी वरिष्ठ मंत्री विद्या स्टोक्स भी इस सूचना के बाद निराश हो गईं।
उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को फैक्स मैसेज भेजकर कहा है कि सीएम वीरभद्र सिंह को ठियोग से चुनाव लड़ने को टिकट दिया जाए। स्टोक्स का कहना है कि ठियोग की जनता से वे खुद वादा कर चुकी हैं कि वीरभद्र ठियोग से ही चुनाव लड़ेंगे।
सीएम भी ऐसी बात कह चुके हैं और ठियोग में 20 अक्तूबर को उनके नामांकन भरने की तैयारियां भी चल रही हैं। नई दिल्ली से जैसे ही ये सूचना शिमला पहुंची कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अर्की से चुनाव लड़ रहे हैं और दिल्ली के मीडिया में सीएम के इस तरह के बयान के आने की चर्चा हुई तो ठियोग की राजनीति में नया तूफान आ गया।