मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधानसभा में कहा कि पराला मंडी में ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस ड्रोन से नजर रखेगी। पराला मंडी के आसपास पुलिस के 35 जवान तैनात रहेंगे। दो वैन क्षेत्र में पेट्रोलिंग करेंगी। उन्होंने कहा कि उच्च मार्ग के किनारे ट्रैफिक जाम की समस्या दूर करने के लिए अवैध तरीके से सेब की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। पराला में एक व्यक्ति की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। विधायक बलबीर वर्मा ने नियम 62 के तहत पराला में दिल का दौरा पड़ने के बाद ट्रैफिक जाम में फंसे बागवान की मौत से उत्पन्न स्थिति को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाया। कहा कि पराला मंडी में ट्रकों की भीड़ से रास्ते में जाम लग रहा है। इस स्थान पर सीए स्टोर का निर्माण हो रहा है, वहां खाली स्थान में ट्रकों की पार्किंग की व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रकों की भीड़ को देखते हुए सरकार इस दिशा में कारगर कदम उठाएगी।
कोविड की राशि सिर्फ महामारी से निपटने पर खर्च की: जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोविड की राशि कोरोना महामारी से निपटने पर खर्च की गई है। चाहे यह राशि विधायक निधि से मिली है या किसी ने दान दी है। प्रदेश में लोगों को कोविड के प्रति जागरूक करने के लिए लगाए होर्डिंग्स पर कोविड के नाम पर जमा राशि नहीं खर्च की गई है। सोमवार को प्रश्नकाल के बाद सदन में विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, विक्रम जरयाल, नरेंद्र ठाकुर, विनोद कुमार और किशोरी लाल ने कोरोना महामारी से जनमानस पर पड़े प्रभाव और निजात के लिए सरकार के प्रयासों पर चर्चा के लिए प्रस्ताव लाया। चर्चा में 16 सदस्यों ने हिस्सा लिया। विधायक जगत सिंह नेगी ने कहा कि विधायकों के वेतन से धनराशि कोरोना के नाम पर काटी गई और इसका इस्तेमाल बड़े होर्डिंग्स लगाने में किया गया। इस पर मुख्यमंत्री ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि सरकार से जो बेहतर हो सकता था, वह किया है। मुफ्त कोरोना वैक्सीन लगाई गई है। इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। नियम 130 पर लाए प्रस्ताव पर चर्चा का स्वास्थ्य मंत्री मंगलवार को सदन में जवाब देंगे।