तीन विधानसभा क्षेत्रों देहरा, नालागढ़, हमीरपुर में उपचुनाव के लिए 10 जुलाई को हुए मतदान के बाद अब शनिवार को मतगणना होगी। सुबह 8:00 बजे से मतगणना शुरू होगी और करीब 12:00 बजे तक 13 प्रत्याशियों के भविष्य की स्थिति साफ हो जाएगी। देहरा विधानसभा क्षेत्र की मतगणना राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में होगी, यहां मतगणना के लिए 10 टेबल लगेंगे। हमीरपुर के लिए मतगणना वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र हमीरपुर में होगी। यहां मतगणना के लिए 11 टेबल लगेंगे। नालागढ़ के लिए मतगणना राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में होगी। यहां मतगणना के लिए 14 टेबल लगेंगे। तीनों विस क्षेत्रों में प्रदेश के दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश देहरा से चुनाव मैदान में हैं, इसलिए मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा सीधे इस चुनाव से जुड़ी है। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल की साख भी दाव पर लगी है।