सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की ओर से बजट पर चर्चा के दौरान उठाए सवाल पर सदन में स्थिति स्पष्ट की। कहा कि मरीजों के ऑपरेशन के लिए इंतजार न करना पड़े, इसके लिए रोबोटिक सर्जरी जरूरी है। वह जब खुद बीमार थे तो उनकी भी रोबोटिक सर्जरी की गई थी। प्रदेश में मरीजों को ऑपरेशन के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए सरकार लोगों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए रोबोटिक सर्जरी शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। पैट स्कैन के लिए पहले जमीन खरीदने के लिए बजट में 50 करोड़ का प्रावधान किया गया है। प्रदेश के पांचों मेडिकल कॉलेजों में पैट स्कैन सुविधा उपलब्ध कराने से पहले सरकार ने सर्वे कराया है।
पैट स्कैन सुविधा महज 50 करोड़ से उपलब्ध नहीं हो सकती
भाजपा विधायक डॉ. जनक राज ने चर्चा में हिस्सा लेते हुए कहा कि पैट स्कैन सुविधा महज 50 करोड़ से उपलब्ध नहीं हो सकती। स्वास्थ्य सेवा के लिए पहले बुनियादी ढांचा तैयार करना जरूरी है। आईजीएमसी में सर्जनों की कमी नहीं है। एक डाॅक्टर एक दिन में सिर्फ एक ऑपरेशन कर पाते हैं। प्रदेश में करीब 2400 डाॅक्टर हैं, लेकिन यह संख्या विश्व स्वास्थ्य संगठन के मापदंड से काफी कम है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से पहले जिला स्तर के अस्पतालों में बुनियादी सेवाएं उपलब्ध करवाना जरूरी है। रोबोटिक सर्जरी के लिए पहले ढांचागत सुविधा जरूरी है। विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि विपक्ष बजट का विरोध कर सिर्फ औपचारिकताएं निभा रहा है। सरकार ने कांग्रेस की दस गारंटियों का प्रावधान बजट में किया है। भाजपा ने सत्ता पर रहते अपने दृष्टिपत्र पर दृष्टि तक नहीं डाली थी। सुखराम चौधरी ने कहा कि बजट में प्रदेश की वित्तीय स्थिति ठीक करने के लिए कुछ नहीं है। सिरमौर में उद्योगों को नए बिजली कनेक्शन नहीं मिल रहे। भाजपा ने सत्ता पर आते ही पूर्व कांग्रेस सरकार के खोले काॅलेजों को जनहित में बंद नहीं किया था। 16000 पशु सड़कों पर हैं। यह किसान विरोधी सरकार है। बजट पर चर्चा में भवानी सिंह, बलबीर वर्मा, चैतन्य शर्मा, प्रकाश राणा, देवेंद्र भुट्टो और सुदर्शन बबलू ने भी हिस्सा लिया।