अभिनेता आशीष विद्यार्थी ने सोलन के कसौली में एक दुकान पर चाय और पकौड़ी का लुत्फ लिया। वे पिछले करीब दो माह से यहां रुके हैं। पर्यटकों की पहली पसंद कसौली की खूबसूरती के दीवाने हुए अभिनेता आशीष विद्यार्थी ने अपने सोशल मीडिया पेज के माध्यम से लोगों को हिमाचल आने का न्योता भी दिया है। आशीष यहां न्यू मार्केट में चाय की एक दुकान पर रुके और वहां दुकान का संचालन करने वाली किरण से फेसबुक पेज पर लाइव होकर जिंदगी के कई अनुभव साझा किए। आशीष विद्यार्थी ने यहां चाय पकौड़ी का लुत्फ लिया और इसकी जमकर तारीफ की।
आशीष विद्यार्थी से बातचीत करते हुए किरण ने बताया कि वह मूलत: एमपी की हैं। उनके पति बतौर मेकेनिकल इंजीनियर एचआरटीसी में तैनात हैं। जबकि बेटी शिकागो में इंजीनियर है। वह तीस साल से यहां दुकान चला रही हैं। आशीष विद्यार्थी पिछले कई दिनों से सोलन की वादियों में भ्रमण कर रहे हैं और फेसबुक पर लाइव होकर हिमाचली संस्कृति और पर्यटन से जुड़े कई अनछुए स्थलों को सामने ला रहे हैं। पिछले दिनों आशीष सुबाथू छावनी में गोरखा फूड कॉर्नर में पहुंचे, जहां उनके प्रशंसकों ने उन्हें घेर लिया। वह धर्मपुर स्थित अपने एक दोस्त के घर पर रुके हैं।