दोनों टनलों में तेजी से काम चल रहा: कंपनी
धारीवाल कंपनी इस टनल का कार्य सड़क सीमा संगठन (बीआरओ) की देखरेख में कर रही है। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अनुज बरवाल ने बताया कि दोनों टनलों में तेजी से काम चल रहा है और तय समय पर सुरंग को पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस समय यहां हालात बेहद कठिन हैं। सुबह-शाम तापमान माइनस 16 डिग्री तक पहुंच रहा है। वहीं दोपहर में भी तापमान माइनस 3 से माइनस 5 डिग्री दर्ज किया जा रहा है, जबकि रात को पारा माइनस 20 से माइनस 25 डिग्री तक गिर जाता है। ऑक्सीजन की कमी और बर्फीली हवाओं के बीच कंपनी के इंजीनियर और मजदूर दिन-रात काम में डटे हुए हैं।
बर्फबारी तक यह काम जारी रहेगा
उन्होंने बताया कि बर्फबारी तक यह काम जारी रहेगा। बर्फबारी शुरू होने तक दोनों तरफ से ज्यादा से ज्यादा काम निपटाने का प्रयास किया जा रहा है। दुनिया की सबसे ऊंची डबल टनल शिंकुला के बनने से सबसे बड़ा फायदा सेना को होगा। सर्दियों में भी लेह-लद्दाख और सीमावर्ती क्षेत्रों तक सेना का सामान और जवान आसानी से पहुंच सकेंगे। दूसरा फायदा जांस्कर के लोगों को होगा। मनाली से लेह की दूरी करीब 100 किलोमीटर कम हो जाएगी और सर्दियों में भी सालभर संपर्क बना रहेगा। इसके अलावा इस टनल के बन जाने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।