अदालत ने विभाग के तर्क को मनमाना और कानून के खिलाफ बताया
अगस्त 2015 में उनकी सेवाएं मौखिक रूप से समाप्त कर दी गई थीं। इसके खिलाफ उन्होंने तत्कालीन हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक न्यायाधिकरण का दरवाजा खटखटाया। न्यायाधिकरण ने 27 अगस्त 2015 को उन्हें सेवाएं जारी रखने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से वह लगातार स्कूल में पढ़ा रहे हैं। ग्रांट-इन-एड रोके जाने पर भी उन्हें न्यायाधिकरण से राहत मिली थी। वर्ष 2025 में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने पांच साल की सेवा पूरी कर चुके एसएमसी शिक्षकों के लिए सीमित सीधी भर्ती परीक्षा की अधिसूचना जारी की। याचिकाकर्ता ने भी टीजीटी आर्ट्स के पद के लिए आवेदन करना चाहा, लेकिन विभाग ने 13 फरवरी और 3 मार्च 2026 के पत्रों के माध्यम से उन्हें इन-सर्विस एसएमसी शिक्षक प्रमाणपत्र जारी करने से इन्कार कर दिया। विभाग का तर्क था कि उनकी नियुक्ति 17 जुलाई 2012 की एसएमसी नीति के तहत नहीं हुई थी, इसलिए वह भर्ती के लिए पात्र नहीं हैं। हाईकोर्ट ने विभाग के इस तर्क को मनमाना और कानून के खिलाफ बताया।
अदालत ने दोनों विवादित पत्रों को रद्द कर दिया
अदालत ने कहा कि विभाग ने याचिकाकर्ता की शैक्षणिक योग्यता पर कोई सवाल नहीं उठाया है। आपत्ति केवल नियुक्ति की प्रक्रिया को लेकर है। अदालत ने टिप्पणी की कि शिक्षक ने अपनी जिंदगी के महत्वपूर्ण 15 साल सरकारी स्कूल में बच्चों को पढ़ाने में लगाए हैं। विभाग ने उनकी सेवाओं का लगातार लाभ उठाया, लेकिन अब केवल नियुक्ति नीति का हवाला देकर उन्हें अवसर से वंचित नहीं किया जा सकता। खंडपीठ ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षक को नियमित वेतन दिए बिना उसकी सेवाएं लेती रही और नियमित शिक्षक की नियुक्ति भी नहीं की। ऐसे में कम से कम उसे भविष्य में नियमित या अनुबंध आधार पर होने वाली सीमित सीधी भर्ती में शामिल होने का अवसर मिलना चाहिए। अदालत ने दोनों विवादित पत्रों को रद्द कर दिया। हालांकि, भर्ती प्रक्रिया पहले ही पूरी होने के कारण याचिकाकर्ता के लिए अलग से विशेष भर्ती करवाने का आदेश नहीं दिया। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि भविष्य में होने वाली ऐसी भर्ती में याचिकाकर्ता इस फैसले के आधार पर पात्र माने जाएंगे। साथ ही सरकार को अन्य ऐसे शिक्षकों के हित में नीति में बदलाव पर विचार करने की सलाह दी।