हाईकोर्ट शिमला में वकालत करने वाले बरठीं कथ्यून गांव के वकील राकेश चंदेल (43) की पीलिया से पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो गई है। बल्हसीणा पंचायत के गांव कथ्यून में रहने वाले राकेश चंदेल पिछले कई वर्षों से शिमला में वकालत कर रहे थे।
राकेश अपने परिजनों सहित शिमला में ही रहते थे। राकेश चंदेल पिछले कई दिनों से पीलिया से ग्रसित थे और करीब 10 दिन पूर्व ही अपने घर कथ्यून आए थे। जहां से उनके ससुर उन्हें उपचार के लिए ऊना अस्पताल लेकर गए। ऊना में जांच के बद उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
मगर यहां भी उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और वीरवार को उनकी मौत हो गई। राकेश चंदेल की पत्नी अध्यापिका हैं और उनके दो बच्चे हैं। शिमला में पीलिया का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है और अभी तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। किसान क्लब के प्रधान जोध सिंह, अधिवक्ता विनोद गुलेरिया और जगदेव ने बताया कि राकेश चंदेल कुछ दिनों से शिमला में ही पीलिया बीमारी से ग्रस्त थे।
प्रदेश उच्च न्यायालय में छुट्टयां होने के चलते करीब 10 दिन पूर्व वह अपने घर कथ्यून आ थे। उनका शव उनके पैतृक गांव कथ्यून लाया गया। शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। प्रदेश उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के प्रधान केएस बनियाल और बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष अजय सूद ने इस दुखद घटना पर शोक जताया है।