जानें कितना होगा किराया
शिमला से रिकांगपिओ के लिए दिन में एक और भुंतर के लिए दिन में दो उड़ानें हेरिटेज एविएशन संचालित करेगा। पवन हंस लिमिटेड की हेली टैक्सी चंडीगढ़-शिमला रूट पर सप्ताह में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार व शनिवार को उड़ान भरेगी। हेलीकॉप्टर का किराया संजौली से कुल्लू 3,500 रुपये प्रति यात्री, संजौली से रिकांगपिओ 4,000 रुपये प्रति यात्री तथा संजौली से चंडीगढ़ 3,169 रुपये प्रति यात्री निर्धारित किया गया है। शीघ्र ही संजौली-रामपुर-रिकांगपिओ और संजौली-मनाली (सासे हेलीपैड) के लिए भी हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके लिए डीजीसीए को प्रस्ताव भेजे गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सेवाएं पर्यटन से जुड़े लोगों और आम जनता दोनों के लिए बहुत फायदेमंद होंगी। यह एक पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हो गई है। इस सेवा से यात्रा सुविधाजनक होने के साथ समय की बचत भी होगी। उन्होंने कहा कि संजौली हेलीपोर्ट आईजीएमसी अस्पताल के पास है, जिससे मेडिकल इमरजेंसी में भी काफी मदद मिलेगी। राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और हेलीकॉप्टर सेवाओं से राज्य की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
राज्य पर्यटन निदेशक ने ये कहा
राज्य पयर्टन निदेशक विवेक भाटिया ने कहा कि केंद्र सरकार ने संचालन मंजूरी के बाद संजाैली हेलीपोर्ट आधिकारिक तौर पर खोल दिया गया है। इससे पर्यटन को बढ़़ावा मिलेगा। हेली टेक्सी से सैलानी शिमला की खूबसूरत वादियों को निहार सकेंगे। इससे यहां साहसिक व धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि हेरिटेज एविएशन मंडी-चंडीगढ़ के बीच भी जल्द हेली टेक्सी सेवा शुरू करेगी। वहीं आने वाले समय में शिमला-चंडीगढ़ रूट पर फ्लाइट्स की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने का भी विचार है।