एक बजे तक 69.86 फीसदी हो गया था मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जगह : दानों वार्ड। समय सुबह : 7:58 बजे। दिन : रविवार। राजधानी के साथ लगती सुन्नी नगर पंचायत के मतदान के लिए लोगों की लाइनें लग चुकी हैं।
सात वार्डों में हो रहे चुनाव के लिए लोग सुबह सात बजे ही मतदान केंद्रों में पहुंचने शुरू हो गए थे। सबसे ज्यादा हलचल वार्ड नंबर एक दानो वार्ड में देखने को मिली। यहां मतदान शुरू होने के पहले एक घंटे में 44 मतदाताओं ने वोट डाल दिया था। चटक धूप के बावजूद मतदान के लिए बुजुर्ग और युवा लाइनों में लगे रहे। हालांकि यह लाइनें महिलाओं में भी मतदान के प्रति उत्साह दिखा। यहां यहां कुल 81.36 फीसदी मतदान हुआ।
बूथ के बाहर सुबह-सुबह महिलाओं और बुजुर्गों की कतारें लगी रहीं। नगर पंचायत सुन्नी का दानो वार्ड का पोलिंग स्टेशन सुबह आठ बजे तक सबसे अधिक सक्रिय रहा। मतदाता पहचान पत्र हाथ में लेकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। अन्य छह वार्डों में मतदान की शुरुआत धीमी रही। अपर बाजार, भाखरा वार्ड, लोअर बाजार और अस्पताल वार्ड के मतदान केंद्रों में शुरुआती समय में ज्यादा भीड़ देखने को नहीं मिली। सुबह साढ़े आठ बजे तक जैसे ही धूप तपने लगी तो मतदान की रफ्तार थमती नजर आई। कई बूथों में सन्नाटा पसरा रहा और गिने-चुने लोग ही मतदान के लिए पहुंचते रहे। नौ बजे के बाद अस्पताल वार्ड में पांच से सात लोग एक समय में मतदान करने आए। चुनाव कर्मी लगातार मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करते दिखाई दिए। सुबह से दोपहर तक कड़ी धूप के बीच महिलाओं की भागीदारी मतदान के दौरान अच्छी देखने को मिली।
कई बुजुर्ग मतदाता परिवार के सदस्यों के साथ मतदान केंद्रों तक पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने भी पूरे समय सुरक्षा व्यवस्था संभाले रखी। दोपहर 12:00 बजे के बाद मतदान केंद्रों में एक बार फिर हलचल बढ़नी शुरू हुई। वहीं एक बजे तक नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 69.86 फीसदी मतदान हो गया था। स्थानीय निवासी नरेश कुमार और गंगा देवी ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखकर मतदान किया है। लोगों का कहना था कि इस बार क्षेत्र में पक्की सड़क, सफाई जैसी समस्याओं के समाधान की उम्मीद के साथ वोट डाले हैं। मतदान प्रक्रिया को गोपनीय बनाए रखने के लिए मतदान केंद्रों के बाहर पुलिस और चुनाव कर्मियों ने लोगों के मोबाइल फोन जमा करवाए। इसके बाद ही मतदाताओं को बूथ के भीतर प्रवेश दिया गया। मतदान केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। दूसरी ओर सुन्नी के एसडीएम राजेश वर्मा ने सभी वार्डो का दौरा कर व्यवस्था का जायजा लिया।
सीवरेज प्लांट को लेकर लोगों में दिखी नाराजगी
सुन्नी नगर पंचायत क्षेत्र में स्थापित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट चुनाव के दौरान हॉट मुद्दा रहा। मतदान करने पहुंचे लोगों ने प्लांट से फैल रही दुर्गंध पर नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनभर दुर्गंध के कारण क्षेत्र में रहना मुश्किल हो रहा है। इससे बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। लोगों ने कहा कि हजारों की आबादी वाले इस क्षेत्र की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो मुश्किलें पैदा हो सकती है। हालांकि मतदान केंद्रों पर आए मतदाताओं ने उम्मीद जताई है कि इस बार जीतने वाले प्रतिनिधि इन मुद्दों का प्राथमिकता से हल करेंगे।
विकास, रोजगार को लेकर दिया वोट : आयुष
पहली बार का मतदान करने पहुंचे आयुष ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान सबसे बड़ा अधिकार है। हर युवा को इसका प्रयोग जरूर करना चाहिए। युवाओं ने क्षेत्र के विकास, रोजगार और बेहतर सुविधाओं मिले इसको ध्यान में रखकर मतदान किया है।
हर व्यक्ति को करना चाहिए मतदान : योगराज
मतदान करने आए 79 वर्षीय योगराज गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हर व्यक्ति को मतदान जरूर करना चाहिए। युवा बढ़-चढ़कर चुनाव प्रक्रिया में आगे आएं ताकि सही लोग जीतें।