शिमला, मनाली, डलहौजी, रामपुर, रोहड़ू, किन्नौर, लाहौल देश दुनिया से कट गए हैं।मौसम विभाग ने 25 जनवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने के आसार जताए हैं। 26 से धूप खिलने का पूर्वानुमान है। अच्छी बारिश-बर्फबारी से किसान-बागवान गदगद हैं।
सरकार ने सभी जिलों में अलर्ट जारी कर प्रशासनिक अमला फील्ड में उतार दिया है। मंगलवार को पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, जबकि मैदानों में झमाझम बारिश हो रही है। सोलन शहर में छह साल बाद बर्फ गिरी। कुल्लू-लाहौल में 200 से ज्यादा और चंबा में 108 सड़कें बंद हो गई हैं।
चंबा जिले के 145 ट्रांसफार्मर ठप हैं। लाहौल में जिला मुख्यालय केलांग को छोड़कर पूरी घाटी में ब्लैक आउट है। दूरसंचार सेवा ठप है। मंडी की सराज, नाचन व बरोट घाटी, कांगड़ा का मुल्थान व छोटा भंगाल, सिरमौर का नौहराधार, चूड़धार, हरिपुरधार, सोलन का चायल, चंबा का भरमौर, पांगी, किहार और ऊपरी इलाके अलग-थलग पड़ गए हैं।
कुल्लू का मनाली से संपर्क कट गया है। राजधानी शिमला का रामपुर, रोहड़ू, किन्नौर से संपर्क कट गया है। रोहड़ू उपमंडल के 80 फीसदी गांवों में बिजली गुल है। कुल्लू के सैंज के दो दर्जन गांव और कल्पा, पूह खंड के आधा दर्जन गांव अंधेरे में हैं।
कहां कितनी बर्फबारी
रोहतांग 100 सेमी
शिकारी देवी 65 सेमी
खड़ापत्थर 60 सेमी
कुफरी 60 सेमी
जाखू 55 सेमी
मुलथान 55 सेमी
शिमला 45 सेमी
सांगला 32 सेमी
सोलंगनाला 30 सेमी
मनाली 15 सेमी
कसौली 12 सेमी
न्यूनतम तापमान
केलांग -8.6
कल्पा -2.4
कुफरी -2.1
मनाली -1.2
डलहौजी -1.8
शिमला 0.7
धर्मशाला 2.8
कहां कितनी बारिश
गमरूर में 62, धर्मशाला में 47, गुलेर में 45, बलद्वाड़ा में 42, कसौली में 41, गगल में 40, नयना देवी में 32, सरकाघाट में 31, जोल में 30, अंब में 27, हमीरपुर 23 और ऊना में 22 मिलीमीटर बारिश हुई है।
शिमला-रामपुर-किन्नौर
कुल्लू- मनाली-लेह
चंबा- भरमौर
आनी- कुल्लू
शिमला -रोहड़ू
कुफरी में लखनऊ के 74 बच्चे फंसे
लखनऊ से शैक्षणिक भ्रमण पर आए 74 बच्चे और स्टाफ कुफरी में फंस गया है। इन बच्चों को जिला प्रशासन ने आर्मी और गलू के होटलों में सुरिक्षत ठहराया है। सड़क मार्ग बहाल होने पर ही इन्हें कुफरी से निकाला जाएगा।
शिमला में आपात स्थिति में यहां करें फोन
जिला प्रशासन के दूरभाष नंबर 1077 पर आपात स्थिति में सहायता और कोई भी जानकारी ली जा सकती है।