मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम ने जताया शोक, मौके पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष जयराम
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंडी शहर में बादल फटने के कारण तीन लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है और प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। वहीं, पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बाढ़ से प्रभावित इलाकों का जायजा लिया।
बारिश से बद्दी में सड़कों पर भरा पानी, गड्ढे में फंसी कार
पिंजौर-नालागढ़ फोरलेन के निर्माण कार्य में देरी का खामियाजा लोग भुगत रहे हैं। यहां पर बारिश के दौरान मंगलवार को सड़कें पानी से भर गईं। इसमें एक दंपति की कार भी गड्ढे में धंस गई। हालांकि उनकी मदद के लिए कोई नहीं आया। खुद दंपत्ति मुश्किल से कार से बाहर निकली। लोगों का कहना है कि गर्मियों में सड़क की हालत नहीं सुधारी गई। इसका खामियाजा अब वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। यहां पर जगह-जगह पड़े गड्ढों से लोगों को निकलना मुश्किल हो रहा है।
ऊना में भारी बारिश, कई निचले इलाकों में जलभराव, खेत-खलिहान बने तालाब
जिला ऊना में सोमवार रात से बारिश का सिलसिला मंगलवार सुबह तक लगातार जारी रहा। रातभर हुई तेज बारिश के कारण सड़कों से लेकर खेत-खलिहान तक पानी से लबालब हो गए। कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। बारिश का यह दौर मंगलवार सुबह तक जारी रहा, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खेतों में अधिक पानी भर जाने से किसानों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं
बारसड़ा गांव की उफनती खड्ड में फंसी गाय, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बचाया
ऊना के अंतर्गत आने वाले बारसड़ा गांव में एक गाय खड्ड के तेज बहाव में फंस गई। खड्ड उफान पर होने के चलते गाय बीच में फंस गई और बाहर निकलने में असमर्थ हो गई। स्थानीय लोगों ने जैसे ही गाय को फंसा हुआ देखा, तुरंत बचाव अभियान चलाया। कई घंटों की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने मिलकर गाय को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल गाय की प्राथमिक चिकित्सा भी की और पशु विभाग को सूचना दी गई है।
कई भागों में भारी बारिश का अलर्ट
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज राज्य के कई भागों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले तीन घंटों में बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, लाहाैल-स्पीति, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन, ऊना जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। राज्य के कई भागों में 30 जुलाई से 4 अगस्त तक भारी बारिश का येलो अलर्ट है।।