अखिल जनवादी महिला समिति और भाजपा ने किया सरकार के निर्णय का विरोध
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के नाम पर मरीजों की आसानी खत्म करने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। प्रदेश सरकार की ओर दंत अस्पताल और कॉलेज को चमियाना शिफ्ट करने के निर्णय का भारतीय जनता पार्टी और अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने विरोध जताया है। अखिल भारतीय महिला समिति ने कहा कि पहले कमला नेहरू अस्पताल से गायनी ओपीडी को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में शिफ्ट कर महिलाओं को परेशानी में डाला और अब डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल को चमियाना शिफ्ट कर सभी को दिक्कतों में डाल दिया जाएगा।
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की महासचिव फालमा चौहान ने कहा कि सरकार की मंशा समझ नहीं आ रही है। अस्पतालों से छेड़छाड़ कर मरीजों को क्यों परेशान किया जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं को विस्तार देने की बजाय मरीजों की आसानी खत्म की जा रही है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचने के लिए न तो पर्याप्त रास्ता है और न ही सुविधाएं हैं।
वहीं भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने राजीव गांधी राजकीय दंत महाविद्यालय एवं अस्पताल, शिमला को चमियाणा स्थानांतरित करने की राज्य सरकार की प्रस्तावित पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने दंत चिकित्सा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए अतिरिक्त 18 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है, जिसका स्वागत किया जा सकता है लेकिन इसके साथ ही वर्षों से शिमला शहर में संचालित डेंटल कॉलेज को चमियाणा स्थानांतरित करने की संभावना तलाशना जनता की सुविधा के दृष्टिकोण से चिंताजनक है। अस्पताल के शिफ्ट होने से मरीजों का खर्चा भी दोगुना हो जाएगा।