दो सेशन में भी नहीं हो पा रही मरीजों की कीमोथैरेपी
विभाग ने प्रबंधन से कई बार उठाया मामला, नहीं निकला समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। आईजीएमसी के कैंसर अस्पताल में कीमोथैरेपी करवाने आए मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में स्थिति यह है कि वार्ड में केवल 16 बिस्तर मरीजों के लिए लगे हैं। वहीं 17 कुर्सियों पर मरीजों को कीमोथैरेपी दी जा रही है। मरीजों का कहना है कि अगर वार्ड को बढ़ाया जाए तो यहां पर बड़े बिस्तर लगाए जा सकते हैं जिससे बेहतर सुविधा मिल सकती है।
कैंसर अस्पताल के कीमोथैरेपी वार्ड में अभी 16 बिस्तर लगे हैं। इन पर सुबह से लेकर शाम तक मरीजों को कीमोथैरेपी की जाती है। प्रबंधन का दावा है कि औसतन 50 करीब मरीजों को यह सुविधा दी जाती है। हालांकि अगर अस्पताल में दो सेशन चलाए जाएं तो यही संख्या 80 तक पहुंच सकती है। हालांकि यह तभी संभव है जब अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती हाे सके। अभी सोलह बिस्तरों के अलावा 17 कुर्सियों पर मरीजों को कीमोथैरेपी की जाती है। ये कुर्सियां सुविधाजनक नहीं हैं। इस वजह से दो से तीन घंटों तक चलने वाली कीमोथैरेपी में मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उधर, रेडियोथैरेपी विभाग के अध्यक्ष डॉ. मनीष गुप्ता ने बताया कि अतिरिक्त स्टाफ की समस्या के बारे में प्रबंधन को अवगत करवा दिया है। अगर स्टाफ की तैनाती हो जाती है तो दो सेशन चलाए जाएंगे। इससे प्रदेशभर से इलाज करवाने आने वाले रोगियों को लाभ मिलेगा।