स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि अब डाक्टरों को डेपुटेशन पर नहीं भेजा जाएगा। विभाग को इस बारे में साफ आदेश कर दिए गए हैं। अगर कोई डाक्टर फिर डेपुटेशन पर जाता है तो उसका वेतन काटा जाएगा। सत्र के अंतिम दिन नियम-62 के तहत भाजपा विधायक रविंद्र सिंह रवि और विक्रम सिंह की ओर से लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव की चर्चा के दौरान कौल सिंह ने कहा कि सरकार प्रदेश के दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ करने के लिए प्रयासरत है।
चर्चा के दौरान भाजपा विधायक रविंद्र सिंह रवि और विक्रम सिंह ने देहरा उपमंडल के तहत आने वाले अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति के बारे में स्वास्थ्य मंत्री को बताया। रविंद्र रवि और विक्रम सिंह ने बताया कि देहरा उपमंडल में 100 से अधिक पंचायतें हैं। ऐसे में इस उपमंडल के हजारों मरीज सिविल अस्पताल देहरा पर आश्रित हैं, लेकिन इस अस्पताल की सेवाएं चरमराई हुई हैं। डाक्टर मनमर्जी से आते-जाते हैं, उन्हें किसी का भय नहीं है। देहरा की अनदेखी की जा रही है। सिविल अस्पताल देहरा और अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं का अभाव है।
सदन में गूंजे देहरा-जसवां प्रागपुर के बीमार अस्पताल
डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को टीएमसी या चंडीगढ़ रेफर करना पड़ रहा है। यहां पर एक्सरे मशीनें तो हैं, लेकिन उन्हें चलाने के लिए रेडियोलॉजिस्ट तैनात नहीं। पीएचसी मसरूर में डॉक्टर नहीं है। जो एक डाक्टर था, वह पीजी करने चला गया है। पर्यटक स्थल के लिहाज से इस तरह की अनदेखी सही नहीं है। रवि ने पीएचसी सुनेत, भटोली और दरगाटा में डाक्टर की कमी के बारे में बताया।
जसवां परागपुर के विधायक विक्रम सिंह ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले स्वास्थ्य केंद्रों में से चार डाक्टर ऐसे हैं, जो वेतन तो वहां से ले रहेे हैं, लेकिन सेवाएं नगरोटा बगवां और पालमपुर में दे रहे हैं। एक ऐसे डाक्टर का जिक्र भी हुआ जो ज्यादातर समय पालमपुर में निजी प्रेक्टिस करता है। उन्होंने इसकी जांच की मांग की।
दुर्गम क्षेत्र में भेजा जाएगा पीएचसी मसरूर का डाक्टर
चर्चा के दौरान कौल सिंह ने कहा कि जिन चार डाक्टरों का जिक्र किया गया है, उनकी सैलरी बंद कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो डॉक्टर पालमपुर में प्रैक्टिस कर रहा है, उसकी जांच करवा ली गई है। जांच में वह डाक्टर दोषी पाया गया है। मंत्री ने आश्वस्त किया कि इस डाक्टर को किसी दुर्गम क्षेत्र में सेवाएं देने के लिए भेजा जाएगा। मसरूर के लिए नगरोटा सूरियां से डॉक्टर को ट्रांसफर किया गया है।