डेंगू की रोकथाम और नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय मोबाइल ने एक मोबाइल एप लांच की है। राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनवीबीडीसीपी) के तहत ‘भारत डेंगू से लड़ेगा’ नाम से एक मोबाइल एप्लीकेशन बनाई गई है, जो लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक करेगी।
मोबाइल एप में डेंगू के लक्षण, वर्तमान भौगोलिक स्थिति के अनुसार नजदीकी अस्पताल/ब्लड बैंक की जानकारी, ई-मेल के माध्यम से फीडबैक साझा करना, डेंगू मच्छर से मुक्त क्षेत्र सुनिश्चित करने के लिए संवादात्मक (इंटरएक्टिव) और चित्रात्मक दृश्य, पीएम के मन की बात
वाला ऑडियो, डेंगू के बारे में मिथकों और तथ्यों की जानकारी, डेंगू की रोकथाम के लिए क्या करें और क्या न करें, डेंगू से संबंधित पूछे जाने वाले सवालों के जवाब और डेंगू के खिलाफ लड़ाई के लिए ‘मुन्नाभाई’ वीडियो देख सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने बताया कि राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने मोबाइल एप लांच की है। इसमें डेंगू के बारे में जागरूक करने की जानकारी रहेगी। सूबे में भी लोगों का डेंगू से बचाव के लिए जागरूकता कार्यक्रमों को अभियान चलाया जाएगा।